क्रिकेट

IND vs AUS: राहुल को आउट करने वाले मिचेल स्टार्क ने दी प्रतिक्रिया, निर्णय पर हुआ था विवाद

IND vs AUS: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पर्थ टेस्ट में केएल राहुल के आउट होने पर विवाद हो गया। अब उन्हें आउट करने वाले मिचेल स्टार्क ने प्रतिक्रिया दी है। राहुल 26 रन बनाए थे।

Image

मिचेल स्टार्क (साभार-AP)

IND vs AUS: ऑस्ट्रेलिया के सीनियर तेज गेंदबाज मिशेल स्टार्क ने शुक्रवार को यहां पहले टेस्ट के पहले दिन भारतीय बल्लेबाज केएल राहुल के विवादास्पद कैच आउट होने को लेकर हो रही चर्चा को कमतर आंकते हुए कहा कि यह नियमानुसार लिया गया सामान्य विकेट था। राहुल के आउट होने से विवाद खड़ा हो गया और दोनों देशों के पूर्व खिलाड़ियों ने मैदानी अंपायर के ‘नॉट आउट’ फैसले को पलटने के तीसरे अंपायर के फैसले पर सवाल उठाए।

मैदानी अंपायर रिचर्ड केटलबरो ने राहुल के पक्ष में फैसला दिया था लेकिन मेजबान टीम ने डीआरएस लिया। तीसरे अंपायर रिचर्ड इलिंगवर्थ ने ‘स्प्लिट स्क्रीन व्यू’ देखे बिना यह फैसला बदल दिया। ‘स्पिलट स्क्रीन व्यू’ से उन्हें यह स्पष्ट हो जाता कि स्टार्क की गेंद वास्तव में बल्ले से टकराई थी या ‘स्निको’ पर पैड के बैट के टकराने की आवाज आयी थी।

स्टार्क ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा, ‘‘यह फैसला निश्चित रूप से पलट गया। लेकिन मुझे लगा कि यह नियम के अधीन लिया गया विकेट था। इसकी टाइमिंग से मुझे लगा कि यह नियमित विकेट था। ’’ स्टार्क (14 रन देकर दो विकेट) ने यशस्वी जायसवाल को आउट करके श्रृंखला का पहला विकेट हासिल किया।

स्टार्क ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि आज काफी अच्छी गेंदबाजी हुई। जाहिर है कि विकेट में काफी कुछ था और शायद ऐसा लगा कि यह ‘हार्डबॉल’ विकेट था। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘जब भारतीय पारी के अंत में जब गेंद थोड़ी ‘सॉफ्ट’ होने लगी तो शायद यह उतनी कारगर नहीं रही। अब भी पिच से मदद मिल रही थी लेकिन यह नयी ‘हार्डबॉल’ जितनी कारगर नहीं थी। ’’

स्टार्क ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि टीमों को दूसरी पारी में इस पर ध्यान देना चाहिए कि अगर आप मुश्किल समय में संभल जाते हो तो बल्लेबाजी करना आसान हो जाएगा। आउटफील्ड काफी धीमी है इसलिये रन बनने में थोड़ी मुश्किल हुई। हमने इतनी धीमी आउटफील्ड काफी लंबे समय बाद देखी है। ’’

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article