क्रिकेट

सब ठीक है, चोट लगने के बाद पहली बार सामने आई लुंगी एन्गिडी की प्रतिक्रिया

लुंगी एन्गिडी ने फैंस के लिए खास संदेश दिया है। शनिवार को खेले गए मुकाबले के दौरान वह चोटिल हो गए थे। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक स्टोरी साझा करते हुए अपनी स्थिति को लेकर फैली आशंकाओं को कम किया।

Image

लुंगी एन्गिडी (साभार-X)

दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज लुंगी एन्गिडी ने शनिवार को चोट लगने के बाद अब पहली बार प्रतिक्रिया दी। शनिवार को हुए दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) और पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) के बीच चल रहे मैच के दौरान उन्हें सिर में चोट लग गई थी और अब उन्होंने फैंस को आश्वस्त करते हुए बताया है कि वह पूरी तरह से ठीक हैं। लुंगी एन्गिडी ने रविवार को अपने सोशल मीडिया हैंडल इंस्टाग्राम पर समर्थकों द्वारा दिखाई गई चिंता के लिए सबका धन्यवाद दिया। एन्गिडी ने लिखा, "संदेशों के लिए धन्यवाद, सब ठीक है," और इंस्टाग्राम पर एक स्टोरी साझा करते हुए अपनी स्थिति को लेकर फैली आशंकाओं को कम किया।

अरुण जेटली स्टेडियम में पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) के खिलाफ मैच के दौरान घायल हुए एन्गिडी को दिल्ली के एक अस्पताल से बीते शाम छुट्टी दे दी गई थी। प्रोटियाज के इस तेज गेंदबाज को सिर और गर्दन के पिछले हिस्से पर गंभीर चोट लगी थी। उन्हें बीएलके-मैक्स सुपर स्पेशलिटी अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। आईपीएल मैच के दौरान सिर में चोट लगने के बाद उन्हें अस्पताल लाया गया था। दिल्ली कैपिटल्स के चेयरमैन और को-ऑनर किरण कुमार ग्रांधी, एन्गिडी से मिलने अस्पताल भी गए थे।

केएल राहुल के रिकॉर्ड तोड़ 152* रनों के बावजूद, सलामी बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह और प्रियांश आर्य के बीच सनसनीखेज 126 रनों की साझेदारी और कप्तान श्रेयस अय्यर की तूफानी 71* रनों की पारी के दम पर पंजाब ने आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा चेज हासिल किया था। दिल्ली कैपिटल्स को इस मुकाबले में एन्गिडी की कमी खली, जो कैच लेने की कोशिश में चोटिल हो गए थे। उन्हें स्ट्रेचर पर मैदान से बाहर ले जाकर अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। पंजाब किंग्स की पारी के तीसरे ओवर में, अक्षर पटेल की गेंद पर एन्गिडी कैच लेने के प्रयास में चोटिल हो गए थे।

वह सिर के बल बुरी तरह चोटिल हो गए थे, जिससे खेल 10 मिनट से अधिक समय तक रुका रहा। स्पिन ऑलराउंडर विप्रज निगम को उनकी जगह मैदान पर उतारा गया। चोट लगने के बाद, आईपीएल ने एक अपडेट जारी कर बताया कि एन्गिडी की हालत स्थिर है और उन्हें आज अस्पताल से छुट्टी मिल गई।

एन्गिडी की चोट के बारे में बात करते हुए, वेणुगोपाल ने मैच के बाद की प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "मुझे लगता है कि यह गंभीर नहीं है। हम अपडेट देते रहेंगे, लेकिन अभी कुछ भी गंभीर नहीं है।"

इस सीजन में एन्गिडी डीसी के लिए अहम गेंदबाज रहे हैं, उन्होंने सात मैचों में सात विकेट लिए हैं, जिनका औसत 29.42 और इकॉनमी रेट 8.70 है। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 3/27 रहा है।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article