आईपीएल के 63वें मैच में शानदार लय में चल रही मुंबई इंडियंस का सामना लखनऊ सुपर जायंट्स से होगा। दोनों ही टीम अपना पिछला मुकाबला जीत कर यहां पहुंची है। लखनऊ ने सनराइजर्स हैदराबाद को 7 विकेट से मात दी थी तो वहीं मुंबई इंडियंस ने गुजरात टाइटंस को 27 रन से हराया था। प्वाइंट्स टेबल की बात करें तो मुंबई की टीम 14 अंकों के साथ तीसरे नंबर पर है तो लखनऊ 13 अंकों के साथ ठीक उसके नीचे यानी चौथे पायदान पर है। मुंबई मैच जीतकर अपने प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदों को और भी प्रबल बनाना चाहेगी।
सूर्यकुमार यादव और युवा बल्लेबाज नेहल वढेरा जिस फॉर्म में हैं उसको देखते हुए लखनऊ के गेंबाजों को उन्हें रोकना बड़ी चुनौती होगी। दूसरी तरफ पिछले कुछ मैच से काइल मेयर्स का फॉर्म उतना अच्छा नहीं रहा है। उम्मीद है कि इस महत्वपूर्ण मुकाबले में वह अच्छी बल्लेबाजी करेंगे। हालांकि, पिछले सीजन की बात करें तो लखनऊ का पलड़ा भारी नजर आता है, जहां लखनऊ ने मुंबई को 18 रन से पटखनी दी थी।
केएल राहुल का शतक
ब्रेबोर्न क्रिकेट स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ सुपर जायंट्स ने केएल राहुल के विस्फोटक शतकीय पारी के दम पर 4 विकेट के नुकसान पर 199 रन का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया था। केएल राहुल ने 60 गेंद पर 103 रन की पारी खेली थी। उन्होंने अपनी इस पारी में 9 चौके और 5 छक्के लगाए थे। राहुल ने मुंबई के सभी गेंदबाजों की जमकर खबर ली थी। चार गेंदबाजों ने 8 या इससे ज्यादा इकोनॉमी से रन लुटाए थे।
18 रन से दूर रह गई थी मुंबई
200 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई की टीम 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 181 रन ही बना सकी थी। मुंबई की तरफ से सर्वाधिक 37 रन की पारी सूर्यकुमार यादव ने खेली थी। सूर्या के अलावा डेवाल्ड ब्रेविस ने 31 रन बनाए थे। लखनऊ की तरफ से सर्वाधिक 3 विकेट आवेश खान ने झटके थे। एक बार फिर जब दोनों टीम एक दूसरे से भिड़ेगी तो मुकाबला कांटे का होगा।
