क्रिकेट

LSG vs MI Highlights: लखनऊ के नवाबों ने अपने घर पर मुंबई की पलटन को बड़े ही अदब से हराया

  • Authored by: शेखर झा
  • Updated May 17, 2023, 01:09 AM IST

LSG vs MI Highlights: इंडियन प्रीमियर लीग के 63वें मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स ने रोमांचक मुकाबले में मुंबई इंडियंस की टीम को 5 रन से हराया। लखनऊ की यह सातवीं जीत है। इसी जीत के साथ लखनऊ की टीम पॉइंट टेबल में तीसरे नंबर पर पहुंच गई है।

Image

क्रुणाल पंड्या और रोहित शर्मा।

KEY HIGHLIGHTS
  • लखनऊ सुपर जायंट्स बनाम मुंबई इंडियंस।
  • लखनऊ के इकाना स्टेडियम में यह मैच खेला गया था।
  • मुंबई ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी का फैसला किया था।

IPL 2023, LSG vs MI Highlights: लखनऊ के नवाबों ने अपने घरेलू मैदान पर मुंबई की पलटन काे बड़े ही अदब से हराया।आईपीएल के 63वें मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स ने रोमांचक मुकाबले में मुंबई इंडियंस को 5 रन से हराया। लखनऊ के होम ग्राउंड पर खेले गए मुकाबले में मुंबई ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी का फैसला किया। टॉस हार पहले खेलने उतरी लखनऊ ने की टीम ने 20 ओवर में 3 विकेट पर 177 रन बनाए। टीम ने मुंबई को 178 रन का लक्ष्य दिया। जवाब में खेलने उतरी मुंबई की टीम निर्धारित ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 172 रन बनाए। इस जीत के बाद भी लखनऊ की टीम प्लेऑफ से एक कदम दूर है।

स्टोइनिस और क्रुणाल का बल्ला जमकर चला

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ की टीम की शुरुआत खराब रही। टीम ने 20 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 177 रन बनाए । 50 रन के अंदर टीम के शुरुआती तीन खिलाड़ी आउट होकर पवेलियन लौट गए। क्विंटन डी कॉक और दीपक हुड्डा ओपनिंग करने गए थे, लेकिन कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पाए। दीपक हुड्डा महज 5 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद प्रेरक मांकड़ गोल्डन डक हो गए। क्विंटन डी कॉक ने क्रुणाल पंड्या के साथ साझेदारी कर टीम के स्कोर को 30 के पार ले गए, लेकिन इसके बाद वे भी इशान किशन को कैच थमा बैठे। टीम के कप्तान क्रुणाल पंड्या रिटायर्ड हर्ट हो गए। इसके साथ ही वे अर्धशतक से भी चूक गए। क्रुणाल ने 42 गेंदों पर 49 रन बनाए। मार्कस स्टोइनिस और निकोलस पूरन ने ताबड़तोड़ बल्लेबाती कर टीम को स्कोर को 175 के पार पहुंचाया। स्टोइनिस ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 47 गेंदों पर 4 चौके और 8 छक्के की मदद से सबसे ज्यादा 89 रन की नाबाद पारी खेली। वहीं, पूरन का भी बल्ला जमकर चला। उन्होंने 8 गेंदों पर 8 रन बनाकर नाबाद रहे। मुंबई के जेसन बेहरेनडॉर्फ ने सबसे ज्यादा 2 विकेट लिए।

शानदार शुरुआत के बाद भी हारी मुंबई की टीम

जवाब में खेलने उतरी मुंबई की टीम ने अच्छी शुरुआत की, लेकिन उसको जीत में नहीं बदल पाए। टीम ने निर्धारित ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 172 रन बनाए। रोहित शर्मा और इशान किशन ने पहले विकेट के लिए 90 रन की साझेदारी की। इसके बाद रोहित 37 रन पर आउट हो गए, जबकि इशान ने अर्धशतकीय पारी खेली। इशान ने 39 गेंदों पर 8 चौके और एक छक्के की मदद से सबसे ज्यादा 59 रन बनाए। शतकीय पारी खेलने वाले सूर्यकुमार का बल्ला शांत रहा। वे 9 गेंदों पर 7 रन बनाकर आउट हो गए। उनको यश ठाकुर ने बोल्ड किया। नेहाल वढेरा भी लंबी पारी नहीं खेल पाए। वे 20 गेंदों पर 2 चौकोंं की मदद से 16 रन बनाए। विष्णु विनोद एक बार फिर टीम के लिए बड़ी पारी नहीं खेल पाए। वे 2 रन पर आउट हो गए। टिम डेविड और कैमरून ग्रीन ने शानदार पारी खेली, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला पाए। टिम डेविड ने 19 गेंदों पर एक चौका और 3 छक्के की मदद से 32 रन की नाबाद पारी खेली। वहीं, कैमरून ग्रीन ने 6 गेंदों पर 4 रन बनाए।

हेड टू हेड में लखनऊ का पलड़ा भारी

हेड टू हेड में लखनऊ सुपर जायंट्स का पलड़ा काफी भारी है। लखनऊ और मुंबई के बीच दो मुकाबले खेले गए हैं। इसमें दोनों मुकाबले में लखनऊ को जीत मिली है। मुंबई को लखनऊ के खिलाफ पहली जीत का इंतजार है। लखनऊ का मुंबई के खिलाफ सबसे बड़ा स्कोर 199 रन है, जबकि मुंबई का लखनऊ के खिलाफ हाईएस्ट स्कोर 181 रन है।

लखनऊ सुपर जायंट्स की प्लेइंग इलेवन

क्रुणाल पंड्या(कप्तान), क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), दीपक हुड्डा, प्रेरक मांकड़, मार्कस स्टोइनिस, निकोलस पूरन, आयुष बडोनी, नवीन उल हक, रवि बिश्नोई, स्वप्निल सिंह, मोहसिन खान।

लखनऊ सुपर जायंट्स के सबस्टिट्यूट खिलाड़ी

यश ठाकुर, के गौतम, डेनियल सैम्स, युधवीर सिंह, काइल मेयर्स।

मुंबई इंडियंस की प्लेइंग इलेवन

रोहित शर्मा (कप्तान), इशान किशन (विकेटकीपर), कैमरून ग्रीन, सूर्यकुमार यादव, नेहल वढेरा, टिम डेविड, ऋतिक शौकीन, क्रिस जॉर्डन, पीयूष चावला, जेसन बेहरेनडॉर्फ, आकाश मधवाल।

मुंबई इंडियंस के सबस्टिट्यूट खिलाड़ी

विष्णु विनोद, रमनदीप सिंह, ट्रिस्टन स्टब्स, कुमार कार्तिकेय, राघव गोयल।

LSG vs MI मैच कब और कहां देखें?

लखनऊ सुपर जायंट्स और मुंबई इंडियंस बेंगलोर के बीच इस मैच का सीधा प्रसारण आप स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकते हैं। इसके अलावा आप इस मैच की लाइव स्ट्रीमिंग हॉटस्टार और जियो सिनेमा एप पर देख सकते हैं। फैंस इस मैच की कॉमेंट्री 12 अलग-अलग भाषाओं में सुन सकते हैं।

शेखर झा
शेखर झाauthor

शेखर झा टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वे मूल रूप से बिहार के मिथिलांचल से हैं। मूल रूप से बिहार के मधुबनी के रहने वाले शेखर ने शौकिया तौर पर साल 2011 में पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा। ये शौक वक्त के साथ जूनुन में बदल गया। उनके पास खेल पत्रकारिता का 12 साल का अनुभव है। क्रिकेट के अलावा टेनिस, कबड्डी और बैडमिंटन में खास रुचि है। खिलाड़ियों की बायोग्राफी पढ़ना उन्हें पसंद हैं। शेखर ने सुरेश रैना, संजय बांगड़, दीप्ति शर्मा, राधा यादव जैसे नामचीन भारतीय क्रिकेटरों सहित बैडमिंटन के स्टार भारतीय खिलाड़ियों लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं। शेखर की प्रारंभिक शिक्षा बिहार में हुई। बिहार बोर्ड से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे जहां उनका पत्रकारिता से पहला परिचय हुआ। रायपुर के अग्रसेन कॉलेज में ग्रेजुएशन करते हुए पत्रकारिता का काम शुरू किया और इसके बाद रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्धालय से पत्राकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन किया और बतौर प्रोफेशनल अपने करियर की शुरुआत की। शेखर ने पत्रकारिता करियर की शुरुआत साल 2011 में ईटीवी छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के साथ की। इस संस्थान में 6 महीने काम करने के बाद उन्होंने स्थानीय अखबार नेशनल लुक के साथ प्रिंट मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका समूह के छत्तीसगढ़ संस्करण से जुड़े और वहां तीन साल तक बतौर सब-एडिटर/रिपोर्टर सेवाएं दीं। इसके बाद भारत के सबसे बड़े प्रिंट मीडिया समूह दैनिक भास्कर के डीबी स्टार में रिपोर्टर की भूमिका अदा की और कई बड़े खुलासे स्थानीय स्तर पर किए। इसके बाद अपमे गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना में दैनिक जागरण समूह के आईनेक्स्ट वेंचर से जुड़े। 8 महीने के छोटे कार्यकाल के बाद दैनिक भास्कर के रायपुर संस्करण में बतौर रिपोर्टर वापसी हुई। रायपुर में दूसरी पारी के तीन साल के कार्यकाल के सफल निर्वहन के बाद मैनेजमेंट ने भास्कर के भोपाल स्थित नेशनल न्यूजरूम में ट्रांसफर कर दिया। जहां 17 महीने स्पोर्ट्स डेस्क पर बड़े इवेंट्स पर काम किया। इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग, टोक्यो ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजन का व्यापक कवरेज किया। भास्कर के नेशनल न्यूज रूम में डिजिटल जर्नलिज्म का ककहरा सीखने के बाद फरवरी,2023 में टाइम्स ग्रुप के साथ जुड़ने का मौका मिला। तब से वह टाइम्स नाउ नवभारत की हिंदी वेबसाइट की स्पोर्ट्स डेस्क पर बतौर प्रिंसिपल कॉरस्पान्डन्ट कार्यरत हैं। इस दौरान शेखर ने इंडियन प्रीमियर लीग, आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 को कवर किया।

और पढ़ें
End of Article