क्रिकेट

CSK vs SRH Highlights: चेन्नई ने इस विदेशी खिलाड़ी की बदौलत घरेलू मैदान पर जड़ा जीत का चौका

  • Authored by: शेखर झा
  • Updated Apr 21, 2023, 11:08 PM IST

CSK vs SRH Highlights:आईपीएल के 29वें मैच में चेन्नई सुपर किंग्स ने सनराइजर्स हैदराबाद 7 विकेट से हराया। टीम का यह मौजूदा सीजन में चौथी जीत है। इसी जीत के साथ चेन्नई पॉइंट टेबल में तीसरे नंबर पर बरकरार है।

Image

चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाड़ी। (फोटो - IPL/BCCI)

CSK vs SRH Highlights: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 29वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स ने घरेलू मैदान पर जीत का चौका जड़ा। चेपक स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को 7 विकेट से हराया। टीम की यह मौजूदा सीजन में चौथी जीत है। चेन्नई ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने आई हैदराबाद की टीम ने चेन्नई सुपर किंग्स को 135 रन का लक्ष्य दिया। जवाब में खेलने उतरी चेन्नई की टीम ने 8 गेंद शेष रहते हुए 3 विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया। चेन्नई की टीम पॉइंट टेबल में तीसरे नंबर बरकरार है, जबकि हैदराबाद की टीम 9वें नंबर पर है।

हैदराबाद की खराब शुरुआत

टॉस हार कर पहले बल्लेबाजी करने उतरी हैदराबाद की टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 134 रन बनाए। टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। 100 रन के अंदर 5 खिलाड़ी आउट होकर पवेलियन लौट गए। हैरी ब्रूक महज 18 रन पर आउट हो गए। अभिषक शर्मा ने 130.76 की स्ट्राइक रेट से 26 गेंदों पर 3 चौके और एक छक्के की मदद से सबसे ज्यादा 34 रन बनाए। राहुल त्रिपाठी ने भी 21 रन की पारी खेली। कप्तान ऐडन मार्करम एक बार फिर फेल रहे। वे महज 12 रन बनाकर वापस पवेलियन लौट गए। चेन्नई के रवींद्र जडेजा ने 4 ओवर में 22 रन देकर सबसे ज्यादा 3 विकेट चटकाए।

कॉन्वे ने खेली जिताऊ पारी

जवाब में खेलने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स टीम ने 8 गेंद शेष रहते हुए 3 विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम ने अच्छी शुरुआत की। पावरप्ले में चेन्नई ने बिना किसी नुकसान के 60 रन बनाए। डेवोन कॉन्वे ने अर्धशतकीय पारी खेली। कॉन्वे ने 33 गेंदों पर 8 चौके और एक छक्के की मदद से अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 57 गेंदों पर 12 चौके और एक छक्के की मदद से सबसे ज्यादा 77 रन की नाबाद पारी खेली। यह उनका मौजूदा सीजन में लगातार तीसरा अर्धशतक है। टीम के स्टार बल्लेबाज रुतुराज गायकवाड़ 35 रन पर रन आउट हो गए। अंजिक्य रहाणे और अंबाजी रायडू लंबी पारी नहीं खेल पाए। रहाणे 9 रन पर, जबकि रायडू 9 रन पर आउट हो गए। हैदराबाद के मयंक मार्कंडे ने दो विकेट चटकाए।

हेड टू हेड में चेन्नई का पलड़ा काफी मजबूत

हेड टू हेड में चेन्नई सुपर किंग्स का पलड़ा काफी मजबूत है। आईपीएल में चेन्नई और हैदराबाद की टीम कुल 18 बार आमने-सामने हो चुकी है। इसमें चेन्नई को 13 बार, जबकि हैदराबाद को सिर्फ 5 बार जीत मिली है। चेन्नई का हैदराबाद के खिलाफ हाईएस्ट स्कोर 223 है, जबकि हैदराबाद का चेन्नई के खिलाफ सबसे बड़ा स्कोर 192 रन है।

चेन्नई सुपर किंग्स की प्लेइंग-11:

रुतुराज गायकवाड़, डेवोन कॉनवे, अजिंक्य रहाणे, शिवम दुबे, मोइन अली, रवींद्र जडेजा, एमएस धोनी (कप्तान/कप्तान), महेश तीक्ष्णा, तुषार देशपांडे, आकाश सिंह, मथीशा पथिराना।

चेन्नई सुपर किंग्स के सबस्टिट्यूट खिलाड़ी:

अंबाती रायडू, शेख रशीद, एस. सेनापति, ड्वेन प्रिटोरियस, आर. हैंगरगेकर।

सनराइजर्स हैदराबाद की प्लेइंग-11:

हैरी ब्रूक, मयंक अग्रवाल, राहुल त्रिपाठी, एडेन मार्करम (कप्तान), हेनरिक क्लासेन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, वॉ शिंगटन सुंदर, मार्को जानसन, भुवनेश्वर कुमार, मयंक मार्कंडे, उमरान मलिक।

सनराइजर्स हैदराबाद के सबस्टिट्यूट खिलाड़ी:

टी. नटराजन, अब्दुल समद, ग्लेन फिलिप्स, मयंक डागर, संवीर सिंह।

CSK vs SRH के बीच मैच कब और कहां देखें?

चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच इस मैच का सीधा प्रसारण आप स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकते हैं। इसके अलावा आप इस मैच की लाइव स्ट्रीमिंग हॉटस्टार और जियो सिनेमा एप पर देख सकते हैं। फैंस इस मैच की कॉमेंट्री 12 अलग-अलग भाषाओं में सुन सकते हैं।

शेखर झा
शेखर झाauthor

शेखर झा टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वे मूल रूप से बिहार के मिथिलांचल से हैं। मूल रूप से बिहार के मधुबनी के रहने वाले शेखर ने शौकिया तौर पर साल 2011 में पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा। ये शौक वक्त के साथ जूनुन में बदल गया। उनके पास खेल पत्रकारिता का 12 साल का अनुभव है। क्रिकेट के अलावा टेनिस, कबड्डी और बैडमिंटन में खास रुचि है। खिलाड़ियों की बायोग्राफी पढ़ना उन्हें पसंद हैं। शेखर ने सुरेश रैना, संजय बांगड़, दीप्ति शर्मा, राधा यादव जैसे नामचीन भारतीय क्रिकेटरों सहित बैडमिंटन के स्टार भारतीय खिलाड़ियों लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं। शेखर की प्रारंभिक शिक्षा बिहार में हुई। बिहार बोर्ड से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे जहां उनका पत्रकारिता से पहला परिचय हुआ। रायपुर के अग्रसेन कॉलेज में ग्रेजुएशन करते हुए पत्रकारिता का काम शुरू किया और इसके बाद रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्धालय से पत्राकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन किया और बतौर प्रोफेशनल अपने करियर की शुरुआत की। शेखर ने पत्रकारिता करियर की शुरुआत साल 2011 में ईटीवी छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के साथ की। इस संस्थान में 6 महीने काम करने के बाद उन्होंने स्थानीय अखबार नेशनल लुक के साथ प्रिंट मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका समूह के छत्तीसगढ़ संस्करण से जुड़े और वहां तीन साल तक बतौर सब-एडिटर/रिपोर्टर सेवाएं दीं। इसके बाद भारत के सबसे बड़े प्रिंट मीडिया समूह दैनिक भास्कर के डीबी स्टार में रिपोर्टर की भूमिका अदा की और कई बड़े खुलासे स्थानीय स्तर पर किए। इसके बाद अपमे गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना में दैनिक जागरण समूह के आईनेक्स्ट वेंचर से जुड़े। 8 महीने के छोटे कार्यकाल के बाद दैनिक भास्कर के रायपुर संस्करण में बतौर रिपोर्टर वापसी हुई। रायपुर में दूसरी पारी के तीन साल के कार्यकाल के सफल निर्वहन के बाद मैनेजमेंट ने भास्कर के भोपाल स्थित नेशनल न्यूजरूम में ट्रांसफर कर दिया। जहां 17 महीने स्पोर्ट्स डेस्क पर बड़े इवेंट्स पर काम किया। इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग, टोक्यो ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजन का व्यापक कवरेज किया। भास्कर के नेशनल न्यूज रूम में डिजिटल जर्नलिज्म का ककहरा सीखने के बाद फरवरी,2023 में टाइम्स ग्रुप के साथ जुड़ने का मौका मिला। तब से वह टाइम्स नाउ नवभारत की हिंदी वेबसाइट की स्पोर्ट्स डेस्क पर बतौर प्रिंसिपल कॉरस्पान्डन्ट कार्यरत हैं। इस दौरान शेखर ने इंडियन प्रीमियर लीग, आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 को कवर किया।

और पढ़ें
End of Article