क्रिकेट

KKR vs RR Highlights, IPL 2023: यशस्वी की ऐतिहासिक पारी से जीता राजस्थान, कोलकाता को 9 विकेट से हराया

  • Authored by: समीर कुमार ठाकुर
  • Updated May 11, 2023, 10:53 PM IST

IPL 2023, KKR vs RR Highlights: आईपीएल के 56वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने कोलकाता नाईट राइडर्स को 9 विकेट से हरा दिया। कोलकाता की तरफ से यशस्वी जायसवाल ने 98 रन की नाबाद पारी खेली। राजस्थान के सामने 150 रन का लक्ष्य था जो उसने 41 गेंद शेष रहते हासिल कर लिया।

Image

यशस्वी जायसवाल, बल्लेबाज राजस्थान रॉयल्स

Photo : Twitter

IPL 2023, KKR vs RR Highlights: आईपीएल के 56वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने यशस्वी जायसवाल और संजू सैमसन की विस्फोटक पारी के दम पर कोलकाता को 9 विकेट से आसानी से हरा दिया। राजस्थान के सामने जीत के लिए 150 रन का लक्ष्य था, जो उसने 13.1 ओवर में केवल 1 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। राजस्थान की तरफ से युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसावल ने 47 गेंद पर 98 रन की विस्फोटक पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 13 चौके और 5 छक्के लगाए। जायसवाल के अलावा कप्तान संजू सैमसन ने 29 गेंद पर 48 रन बनाए। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए नाबाद 121 रन की साझेदारी की।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान की शुरुआत शानदार रही और यशस्वी ने नीतीश राणा के पहले ही ओवर में 26 रन जड़े। हालांकि, दूसरे ओवर में जोस बटलर खाता भी नहीं खोल पाए। उन्हें आंद्रे रसेल ने रन आउट किया। लेकिन उसके बाद यशस्वी और संजू सैमसन ने पीछे मुड़कर नहीं देखा और लगातार विस्फोटक अंदाज से बल्लेबाजी की।

इससे पहले कोलकाता ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 149 रन बनाए थे। कोलकाता की तरफ से सर्वाधिक 57 रन की पारी वेंकटेश अय्यर ने खेली। अय्यर के अलावा नीतीश राणा ने 22 और रहमानुल्लाह गुरबाज ने 18 रन बनाए। राजस्थान की तरफ से युजवेंद्र चहल ने सर्वाधिक 4 विकेट, जबकि ट्रेंट बोल्ट ने 2 विकेट चटकाए।

यशस्वी ने खेली ऐतिहासिक पारीयशस्वी जायसवाल ने इस मैच में आईपीएल इतिहास का सबसे तेज अर्धशतक जड़ा। उन्होंने 13 गेंद पर अपना अर्धशतक पूरा किया। इसी के साथ जायसवाल ने केएल राहुल के सबसे तेज अर्धशतक का रिकॉर्ड तोड़ दिया। राहुल ने यह रिकॉर्ड साल 2018 में पंजाब किंग्स के लिए खेलते हुए दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ बनाया था।

प्वाइंट्स टेबल में राजस्थान की छलांग

इस जीत के साथ ही राजस्थान रॉयल्स ने प्वाइंट्स टेबल में लंबी छलांग लगाई है। अब 12 मैच में 12 अंकों के साथ टीम तीसरे नंबर पर पहुंच गई है। राजस्थान के अब भी दो मैच बाकी हैं और उसके प्लेऑफ में जाने की उम्मीदों को पंख लग गया है। राजस्थान ने इस मैच के माध्यम से अपने नेट रन रेट में भी सुधार किया है।
समीर कुमार ठाकुर
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article