प्रतिभा उम्र की मोहताज नहीं होती, इस कथन को एक बार फिर साबित किया है इंग्लैंड के युवा क्रिकेटर फरहान अहमद ने जिन्होंने 17 साल की उम्र में टी20 ब्लास्ट में हैट्रिक और फाइफर लेकर इतिहास रच दिया। उन्होंने यह हैट्रिक नॉटिघमशायर से खेलते हुए लंकाशायर के खिलाफ ली है। इसके साथ ही उन्होंने इतिहास रच दिया। वह टी20 ब्लास्ट में नॉटिघमशायर के लिए हैट्रिक लेने वाले पहले गेंदबाज बन गए हैं। फरहान इंग्लैंड के स्पिन गेंदबाज रेहान अहमद के छोटे भाई हैं जो सबसे युवा इंग्लैंड क्रिकेटर के तौर पर टेस्ट डेब्यू कर चुके हैं। फरहान ने हाल ही में भारत के खिलाफ इंग्लैंड लायंस से खेलते हुए 10 विकेट चटकाए थे। जब से उन्होंने क्रिकेट की दुनिया में कदम रखा है आए दिन कुछ न कुछ अनोखा करते रहते हैं। 2024 में वह फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 10 विकेट लेने वाले सबसे युवा गेंदबाज बने थे।
फरहान के हैट्रिक के शिकार
फरहान ने यह कारनामा 18वें ओवर में किया जब उन्होंने ओवर के आखिरी 3 गेंद पर ल्यूक वुड, थॉमस एस्पिनवॉल और मिचेल स्टेनली को अपना शिकार बनाया। उनके इस हैट्रिक की बदौलत लंकाशायर की टीम 126 रन पर ढेर गई। जवाब में नॉटिघमशायर ने आवश्यक रन 15.1 ओवर में 6 विकेट खोकर हासिल कर लिया। विकेटकीपर बल्लेबाज टॉम मूर्स ने सर्वाधिक 75 रन की पारी खेली। फरहान ने 4 ओवर में 25 रन देकर 5 विकेट चटकाए। यह उनके टी20 करियर का पहला फाइफर भी था।
कौन हैं फरहान अहमद (Who Is Farhan Ahmed)
फरहान अहमद इंग्लैंड के युवा और प्रतिभाशाली क्रिकेटर हैं जो नॉटिंघमशायर काउंटी क्रिकेट क्लब, और इंग्लैंड के लिए अंडर-19 क्रिकेट टीम के लिए खेलते हैं। वह इंग्लैंड लायंस का हिस्सा थे जो हाल ही में भारत के खिलाफ खेली थी। वह दाएं हाथ के बल्लेबाज और दाएं हाथ के ऑफ ब्रेक गेंदबाज हैं। इतना ही नहीं वह इंग्लैंड के लेग स्पिन गेंदबाज रेहान अहमद के छोटे भाई हैं। उन्हें 15 वर्ष की आयु में इंग्लैंड की अंडर-19 विश्व कप टीम में चुना गया था।
