क्रिकेट

अब अपनी जगह सुरक्षित करने में जुट जाएं भारतीय बल्लेबाज, आखिर केएल राहुल ने पडिक्कल को लेकर ऐसा क्या कह दिया

KL Rahul on Devdutt Padikkal: देवदत्त पडिक्कल ने श्रीलंका में अपने टेस्ट करियर का पहला व जोरदार शतक लगाकर सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। कर्नाटक के उनके साथी व टीम इंडिया के सीनियर बल्लेबाज केएल राहुल का कहना है कि जल्द ही ये बल्लेबाज उस मुकाम पर पहुंचेगा जहां से वो निरंतर बड़ी पारियां खेलेगा। ऐसे में संकेत साफ है कि टीम इंडिया के बैटिंग ऑर्डर में बाकी बल्लेबाजों को अपनी जगह पक्की करने के लिए कमर कस लेनी चाहिए।

Image

केएल राहुल (दाएं) ने शतकवीर देवदत्त पडिक्कल (बाएं) के लिए कही खास बात

Photo : AP

India vs Sri Lanka 1st Test: भारतीय बल्लेबाज केएल राहुल (KL Rahul) ने अपने ही राज्य के खिलाड़ी देवदत्त पडिक्कल के पहले टेस्ट शतक पर खुशी जताई। उन्होंने बताया कि वे तब से एक-दूसरे को जानते हैं जब पडिक्कल अंडर-19 क्रिकेट खेल रहे थे। राहुल को भरोसा है कि पडिक्कल जल्द ही ऐसे मुकाम पर पहुंचेंगे जहां वे टीम इंडिया के लिए लगातार बड़ी पारियां खेलेंगे।

चोटिल साई सुदर्शन की जगह नंबर तीन पर खेलते हुए, पडिक्कल ने श्रीलंका के खिलाफ गाले में 230 गेंदों पर शानदार 167 रन बनाकर टेस्ट टीम में अपनी जगह पक्की करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया। उनकी पारी की सबसे खास बात स्पिन गेंदबाजी के खिलाफ उनका खेल था।

BCCI के एक वीडियो में बात करते हुए पडिक्कल के बारे में राहुल ने कहा, "ज़ाहिर है, एक ही राज्य से होने के नाते, मैंने देव को अंडर-19 से आगे बढ़ते देखा है। उसने कर्नाटक के लिए ढेर सारे रन बनाए हैं और भारतीय क्रिकेट में अपनी जगह बनाई है। पिछले कुछ सालों से वह अपने मौके का इंतज़ार कर रहा था और चुपचाप नेट्स में कड़ी मेहनत कर रहा था ताकि अपनी बल्लेबाज़ी की कुछ कमियों को सुधार सके। जब से वह टीम के साथ है, हमने कई बार इस बारे में बात की है कि क्या सुधार करने की ज़रूरत है, श्रीलंका में क्या उम्मीद करनी चाहिए और आने वाले टेस्ट मैचों में क्या चुनौतियां हो सकती हैं।"

उन्होंने आगे कहा, "वह उन खिलाड़ियों में से एक है जो पहले भी यहां आ चुका है और इंडिया ए के लिए भी रन बना चुका है। इसलिए, वह यहां के हालात से वाकिफ है। उसने वार्म-अप मैच में भी शतक लगाया था। यानी वह लगातार रन बना रहा है। उसे बल्लेबाज़ी करना और बड़े रन बनाना पसंद है। मुझे बहुत खुशी है कि उसने अपना पहला शतक लगाया।"

केएल राहुल, जिन्होंने अपने करियर के दूसरे टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ विदेशी धरती पर अपना पहला इंटरनेशनल शतक लगाया था, ने कहा कि पडिक्कल के लिए अपने तीसरे टेस्ट में पहला शतक लगाना बहुत अच्छी और खास बात है।

उन्होंने कहा, "करियर की शुरुआत में ही ऐसा करना बहुत ज़रूरी है ताकि आप उस दबाव से मुक्त हो सकें और फिर अपने क्रिकेट और बल्लेबाज़ी का मज़ा ले सकें और अपनी बल्लेबाज़ी को अगले स्तर पर ले जा सकें। और मुझे लगता है कि वह ऐसे पड़ाव पर हैं जहां वह अपनी बैटिंग को बहुत अच्छी तरह समझते हैं और खूब रन बना रहे हैं। इसलिए, मुझे लगता है कि वह भारत के लिए बड़ी पारियां खेलने और ज़्यादा निरंतर होने की दिशा में आगे बढ़ेंगे।"

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article