क्रिकेट

इशान किशन ने मौके को दोनों हाथों से लपका, भारतीय कप्‍तान ने युवा बल्‍लेबाज की जमकर की तारीफ

  • Edited by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 10, 2022, 10:58 PM IST

KL Rahul says Ishan Kishan grabs the opportunity with both hands: भारत के लिए आखिरी वनडे में कप्‍तानी करने वाले केएल राहुल ने इशान किशन की जमकर तारीफ की है। उन्‍होंने कहा कि किशन ने मौके को दोनों हाथों से लपका। केएल राहुल ने कहा कि इस जीत से टीम का आगामी टेस्‍ट सीरीज में आत्‍मविश्‍वास बढ़ेगा।

Image

विराट कोहली और इशान किशन

KEY HIGHLIGHTS
  • भारत ने तीसरे वनडे में बांग्‍लादेश को 227 रन से हराया
  • इशान किशन की कप्‍तान केएल राहुल ने जमकर तारीफ की
  • राहुल ने कहा कि इस जीत से टेस्‍ट सीरीज में विश्‍वास मिलेगा

चटगांव: भारत (India Cricket team) के कार्यवाहक कप्तान लोकेश राहुल (KL Rahul) ने बांग्लादेश (Bangladesh Cricketg team) के खिलाफ दोहरा शतक लगाने वाले सलामी बल्लेबाज इशान किशन (Ishan Kishan) की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपने मौके को अच्छे तरह से भुनाया। राहुल ने कहा कि इस जीत से 14 दिसंबर से शुरू होने वाली टेस्ट सीरीज से पहले भारतीय टीम का आत्मविश्वास काफी बढ़ेगा।

नियमित कप्तान रोहित शर्मा के चोटिल होने के कारण टीम में शामिल हुए किशन ने 126 गेंद में दोहरा शतक पूरा कर नया रिकॉर्ड कायम किया। उन्होंने 131 गेंद की पारी में 210 रन बनाये। भारतीय टीम ने आठ विकेट पर 409 रन बनाने के बाद 227 रन की प्रभावशाली जीत दर्ज की।

राहुल ने मैच के बाद पुरस्कार समारोह में कहा, 'हमारी टीम से यही उम्मीद थी। विराट (कोहली) और इशान ने हमारे लिए मंच तैयार किया। स्कोर यह नहीं बताते कि उन्होंने किस तरह से पारी की शुरुआत की थी। इशान ने इस मौके को दोनों हाथों से लपका। उन्होंने शानदार बल्लेबाजी की।' राहुल ने इशान के साथ 290 रन की साझेदारी के दौरान मार्गदर्शक की भूमिका निभाने वाले कोहली की भी तारीफ की।

उन्होंने कहा, 'विराट ने अपने अनुभव से शानदार तरीके से उसका मार्गदर्शन किया।' राहुल का मानना है कि इस जीत से टीम का आत्मविश्वास काफी बढ़ेगा।

उन्होंने कहा, 'मैं टीम के इस प्रदर्शन से बहुत खुश हूं। हम एक टीम के रूप में सीख रहे हैं। अभी भी बेहतर होने की कोशिश कर रहे हैं। हमारी किस्मत अच्छी नहीं थी कि पिछले दो मैचों के परिणाम हमारे पक्ष में नहीं रहे। इस जीत से हम टेस्ट सीरीज के लिए आत्मविश्वास लेना चाहेंगे।'

विरोधी टीम के कप्तान लिटन दास ने भी इशान के बेखौफ रवैये की तारीफ करते हुए कहा कि उनकी और कोहली की साझेदारी ने मैच को उनकी पकड़ से दूर कर दिया। उन्होंने कहा, 'इशान और विराट ने जिस तरह से बल्लेबाजी की उससे मैच हमारी पकड़ से दूर हो गया। इशान ने खासकर जिस तरह से बल्लेबाजी की वह काफी आक्रामक था। हमने अपनी तरफ से पूरी कोशिश की लेकिन आउट करने का कोई तरीका नहीं मिला। अगर स्कोर 330-340 होता तो यह एक अलग मैच होता। वे एक अच्छी टीम हैं और हमने दो मैचों में अच्छी क्रिकेट खेली। इससे हमारा आत्मविश्वास काफी बढ़ेगा।'

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!