KL Rahul Century: भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैच की टेस्ट सीरीज से पहले इंग्लैंड ए के लिए इंग्लैंड लॉयन्स के खिलाफ केएल राहुल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शतक जड़ दिया और प्लेइंग-11 के लिए अपनी दावेदारी पेश कर दी। शनिवार को शुरू राहुल इंग्लैंड लॉयन्स के खिलाफ पारी की शुरुआत करने यशस्वी जायसवाल के साथ उतरे। जायसवाल 17(26) रन बनाकर वोक्स की गेंदपर पवेलियन लौट गए। इसके बाद उनका साथ देने आए अभिमन्यु ईश्वरन को भी वोक्स ने पवेलियन वापस भेज दिया।
इंडिया-ए ने 40 रन पर गंवाए दो विकेट
इंडिया-ए 40 के स्कोर पर दो विकेट गंवाकर मुश्किल में नजर आने लगी। ऐसे में राहुल ने अपने कर्नाटक की टीम के पूर्व साथी करुण नायर के साथ मिलकर मोर्चा संभाला। दोनों ने मिलकर टीम को 26.3 ओवर में 100 रन के पार पहुंचा दिया। 126 के स्कोर पर नायर को भी वोक्स ने एलबीडब्लू करके तीसरा झटका दिया। इसके बाद राहुल ने संभलकर बल्लेबाजी करते हुए अपना अर्धशतक 102 गेंद में 6 चौकों की मदद से पूरा कर लिया।
151 गेंद में राहुल ने जड़ा सैकड़ा
राहुल ने इसके बाद ध्रुव जुरेल के साथ मोर्चा संभाला, दोनों ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए स्कोर को संभाला। राहुल ने अपनी शानदार बल्लेबाजी जारी रखी और तेजी से रन बनाने शुरु किए। दूसरे छोर से जुरेल ने भी उनका साथ दिया। इंडिया-ए ने चायकाल तक 213 रन 3 विकेट के नुकसान पर बना लिए थे। इसके बाद जुरेल ने 66 गेंद में अपना अर्धशतक और राहुल ने 151 गेंद में 13 चौके और 1 छक्के की मदद से अपना शतक पूरा कर लिया। राहुल 168 गेंद में 116 रन बनाकर हिल की गेंद पर कैच दे बैठे। उन्होंने 15 चौके और एक छक्का जड़ा।
