GT vs KKR: गुजरात टाइटन्स ने कोलकाता नाईट राइडर्स को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए IPL 2026 के 25वें मुकाबले में 5 विकेट के अंतर से पटखनी देकर सीजन में तीसरी जीत दर्ज की। जीत के लिए मिले 181 रन के लक्ष्य को गुजरात ने 19.4 ओवर में 5 विकेट खोकर हासिल कर लिया। गुजरात की जीत में सबसे अहम भूमिका कप्तान शुभमन गिल ने अदा की। लक्ष्य का पीछा करते हुए गिल ने 86(50) रन की कप्तानी पारी खेली। वहीं जोस बटलर ने 25 और साई सुदर्शन ने 22 रन की पारी खेली। राहुल तेवतिया और शाहरुख खान ने पारी के आखिरी ओवर में गुजरात को जीत की दहलीज पार कराई। इसके साथ ही गुजरात अंक तालिका में 6 अंक के साथ चौथा पायदान पर पहुंच गई है।
गुजरात ने कोलकाता को हराया
इससे पहले कोलकाता ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी। कैमरन ग्रीन के 79 रन की पारी के दम पर कोलकाता ने गुजरात के सामने 181 रन का लक्ष्य रखा। ग्रीन के अलावा रोवमैन पॉवेल ने 27 और पहली बार खेल रहे टिम साइफर्ट ने 19 रन की पारी खेली। कोलकाता ने इसके साथ ही एक बहुत ही शर्मनाक रिकॉर्ड बना दिया। यह पहली बार है जब किसी भी सीजन के पहले 6 मैचों में कोलकाता एक भी मैच नहीं जीत पाई है। मैच हारने के बाद कोलकाता के कप्तान ने कहा कि गेम हारने के तुरंत बाद आकर बात करना आसान नहीं है। उन्होंने कहा, 'मैं पॉजिटिव बातों पर फोकस करना चाहूंगा। जिस तरह से हमने शुरुआत की और तीन विकेट जल्दी गंवा दिए, वह मुश्किल था। कैमरन ग्रीन की इनिंग्स शानदार थी, वह प्रेशर में थे, लेकिन जिस तरह से उन्होंने काउंटर अटैक किया और उनके बॉलर्स का सामना किया, वह देखना कमाल का था।'
रहाणे ने की शुभमन गिल की तारीफ
आजिंक्य रहाणे ने इसके आगे कहा, 'कोलकाला का स्कोर एक टाइम पर 147 रन पर 4 विकेट था और एक बैटिंग यूनिट के तौर पर हमारे लिए लगभग 180 रन तक पहुंचना थोड़ा मुश्किल था। हमारे बॉलर्स को क्रेडिट जाता है कि जिस तरह से उन्होंने बॉलिंग की और गेम को आखिरी ओवर तक ले गए, सभी ने बहुत अच्छा कंट्रीब्यूट किया। शुभमन गिल ने बहुत अच्छी बैटिंग की। हमने जो लेंथ डालीं, वह थोड़ी छोटी थीं, और बॉल पिच होने पर बल्ले पर अच्छी तरह आ रही थी। थोड़ी ओस भी थी। लेकिन फिर भी, कोई बहाना नहीं है और 180 रन एक अच्छा टोटल था।' रहाणे ने कहा कि हमें पावरप्ले में विकेट चाहिए थे, लेकिन उन्होंने बहुत अच्छी बैटिंग की। रहाणे ने साई सुदर्शन और शुभमन गिल की तारीफ की। इसके साथ ही उन्होंने केकेआर के बल्लेबाज कैमरन ग्रीन की भी तारीफ की और कहा कि 'असल में वह क्रैम्प्स से जूझ रहे थे, इसीलिए मैदान के अंदर-बाहर हो रहे थे। हमें एक यूनिट के तौर पर खुद पर भरोसा करना है। हम बस अपना गेम खेलना चाहते हैं, पहली बॉल से ही अग्रेसिव और पॉजिटिव रहना चाहते हैं।'
