Kagiso Rabada Suspension: आईपीएल के बीच में जब साउथ अफ्रीका के तेज गेंदबाज बिना कोई कारण बताए स्वदेश लौट गए थे तो फैंस के मन में कई तरह के सवाल खड़े हुए थे। इन सवालों के जवाब न तो रबाडा ने दिया था और न हीं गुजरात टाइटंस टीम मैनेजमेंट की ओर से कुछ कहा गया था, लेकिन अब खुद इस गेंदबाज ने इस पर चुप्पी तोड़ी है। रबाडा की ओर से जारी किए गए एस स्टेटमेंट में कहा गया है कि उन्हें नशीली दवाई (Recreational drugs) के उपयोग के कारण अस्थायी रूप से प्रतिबंधित कर दिया गया है।
रबाडा द्वारा जारी किए गए बयान में कहा गया है 'जैसा कि बताया गया है, मैं हाल ही में व्यक्तिगत कारणों से आईपीएल छोड़कर दक्षिण अफ्रीका लौट आया। इसका कारण एक नशीली दवाई का उपयोग है जो सही पाया गया है।
मैं उन सभी लोगों से माफी चाहता हूँ जिन्हें मैंने निराश किया है। मैं कभी भी क्रिकेट खेलने के विशेषाधिकार को हल्के में नहीं लूंगा। यह विशेषाधिकार मुझसे कहीं बड़ा है। यह मेरी व्यक्तिगत आकांक्षाओं से भी परे है। मैं फिलहाल एक अस्थायी निलंबन की सजा काट रहा हूँ और मैं उस खेल में लौटने के लिए उत्सुक हूँ जिसे मैं दिल से खेलता हूँ। हालांकि, इस बयान में यह नहीं बताया गया कि उनके नमूने में किस पदार्थ की पुष्टि हुई है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि यह जांच ‘प्रतियोगिता के दौरान (आईसी)’ हुई थी या ‘प्रतियोगिता से बाहर।
गुजरात टाइटंस को कहा शुक्रिया
कगिसो रबाडा ने इस मुश्किल परिस्थिति में साउथ अफ्रीका क्रिकेट और गुजरात टाइटंस के समर्थन के लिए शुक्रिया कहा है। रबाडा के बयान में आगे कहा गया है 'मैं यह सब अकेले हैंडल नहीं कर सकता था। मैं अपने एजेंट, सीएसए और गुजरात टाइटंस को उनके समर्थन के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं। मैं SACA और अपनी कानूनी टीम को उनके मार्गदर्शन और सलाह के लिए भी धन्यवाद देना चाहता हूं। सबसे महत्वपूर्ण बात, मैं अपने दोस्तों और परिवार को उनके बिना शर्त समर्थन और प्यार के लिए धन्यवाद देना चाहता हूँ। मैं अपने आस-पास के लोगों और फैंस को कहना चाहता हूं कि मुझे ऐसी चीजों के लिए याद नहीं किया जाए। मैं वही करता रहूंगा जो मैं हमेशा से करता आया हूँ। लगातार कड़ी मेहनत करना और अपने खेल के प्रति जुनून और समर्पण के साथ खेलना।
