8 अगस्त से 18 अगस्त के बीच तंजानिया में आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप चैलेंज लीग बी का आयोजन किया जाना है और इससे ठीक पहले यहां के खेल प्रेमी को आईसीसी ने बड़ा तोहफा दिया है। इस बड़े इवेंट से पहले आईसीसी चीफ जय शाह ने यहां तंजानिया क्रिकेट एरेना का उद्घाटन किया जो देश का पहला आईसीसी से स्वीकृत क्रिकेट स्थल है। यह तंजानिया और पूरे अफ्रीका में खेल के विकास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। क्रिकेट तंजानिया को इस बड़ी कामयाबी पर बधाई देते हुए शाह ने उन सामूहिक प्रयासों की सराहना की जिनसे देश में विश्व स्तरीय क्रिकेट बुनियादी ढांचा बनाने में मदद मिली।
शाह ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर लिखा, ’’तंजानिया क्रिकेट एरेना के खुलने पर क्रिकेट तंजानिया को बधाई- तंजानिया और पूरे अफ्रीका में क्रिकेट के लिए एक अहम पल।’’ उन्होंने कहा, ’’देश के पहले आईसीसी स्वीकृत क्रिकेट स्थल का आधिकारिक उद्घाटन करना मेरे लिए सम्मान की बात थी। यह स्थल तंजानिया में खेल को बढ़ाने में शामिल सभी लोगों के विजन, प्रतिबद्धता और कड़ी मेहनत का सबूत है।’’
2024 में शुरू हुआ था सपना
इस सपने की शुरुआत साल 2024 में हुई थी जब जब डाल एस सलाम विश्वविद्यालय ने इस परियोजना के लिए भूमि आवंटित की। अप्रैल 2025 में भूमि पूजन समारोह हुआ और अगले महीने निर्माण कार्य शुरू हुआ। जुलाई 2026 में यह वेन्यू पूरी तरह से बनकर तैयार हो चुका था। इस मौके पर तंजानिया क्रिकेट एसोसिएशन के चेयरमैन Dr B.S. Sreekumar ने कहा 'हमें अपने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और भावी पीढ़ियों को क्रिकेट के लिए विश्व स्तरीय मंच प्रदान करने पर गर्व है।
इस कदम से यहां अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की मेजबानी के नए अवसर तो पैदा होंगे ही साथ ही यहां के युवा इस खेल से प्रेरित होंगे और इससे जुड़ेंगे।
तंजानिया क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से, मैं अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद, डार एस सलाम विश्वविद्यालय, तंजानिया सरकार, हमारे प्रायोजकों, भागीदारों, कर्मचारियों और उन सभी लोगों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करता हूं, जिनके सहयोग से हम इस सपने को साकार कर पाए।
