क्रिकेट

ICC Test Ranking: रविचंद्रन अश्विन को पछाड़कर टॉप पर फिर पहुंचे जसप्रीत बुमराह, जायसवाल की हुई टॉप-3 में एंट्री

कानपुर टेस्ट में भारतीय टीम की जीत में अहम भूमिका निभाने वाले तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह रविचंद्रन अश्विन को पछाड़कर गेंदबाजों की टेस्ट रैंकिंग में पहले पायदान पर पहुंच गए हैं।

Image

जसप्रीत बुमराह

Photo : AP
KEY HIGHLIGHTS
  • जसप्रीत बुमराह फिर बने टेस्ट में दुनिया के नंबर वन गेंदबाज
  • जायसवाल ने लगाई दो स्थान की छलांग
  • ऑलराउंडर्स की रैंकिंग में हुआ कोई बदलाव

दुबई: भारत के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह बांग्लादेश के खिलाफ कानपुर में खेले गए दूसरे टेस्ट क्रिकेट मैच में छह विकेट लेने के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की टेस्ट गेंदबाजी रैंकिंग में फिर से शीर्ष पर पहुंच गए हैं। इस 30 वर्षीय तेज गेंदबाज ने भारतीय टीम के अपने साथी रविचंद्रन अश्विन की जगह पहला स्थान हासिल किया है। अश्विन को बांग्लादेश के खिलाफ श्रृंखला का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया था।

छठे स्थान पर बने हुए हैं जडेजा

स्पिनर रविंद्र जड़ेजा अपने छठे स्थान पर बने हुए हैं, जबकि उनके साथी स्पिनर कुलदीप यादव 16वें स्थान पर हैं। कुलदीप इस श्रृंखला के किसी मैच में नहीं खेले थे। बल्लेबाजी रैंकिंग में कानपुर टेस्ट में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुने गए यशस्वी जायसवाल सिर्फ 11 टेस्ट के बाद करियर के सर्वश्रेष्ठ तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। जायसवाल ने कानपुर टेस्ट में 72 और 51 रन की शानदार पारियां खेल कर भारत को बारिश से प्रभावित मैच में सात विकेट से जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी।

तीसरे पायदान पर पहुंचे जायसवाल

जायसवाल के 792 रेटिंग अंक हैं और यह 22 वर्षीय खिलाड़ी जो रूट (899) और केन विलियमसन (829) के बाद तीसरे नंबर पर है। अनुभवी भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली ने शीर्ष 10 में वापसी की है। कानपुर टेस्ट में 47 और 29 रन की पारी खेलने वाले कोहली छह स्थान के फायदे से छठे स्थान पर पहुंच गए हैं। ऋषभ पंत भी शीर्ष 10 में बने हुए हैं लेकिन वह तीन स्थान नीचे नौवें स्थान पर खिसक गए हैं। कप्तान रोहित शर्मा और शुभमन गिल क्रमशः 15वें और 16वें स्थान पर हैं।

ऑलराउंडर्स की रैंकिंग में हुआ क्या बदलाव

जहां तक ऑलराउंडरों की बात है तो रैंकिंग में कोई खास बदलाव नहीं हुआ है। जडेजा पहले की तरह शीर्ष स्थान पर बने हुए हैं जबकि अश्विन दूसरे और अक्षर पटेल सातवें स्थान पर हैं। टीम रैंकिंग में, भारत 120 रेटिंग अंकों के साथ दूसरे स्थान पर बना हुआ है। वह ऑस्ट्रेलिया से चार अंक पीछे है। इंग्लैंड 108 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है। भारतीय टीम ने विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) तालिका में अपना दबदबा कायम रखा है। भारत का 11 मैच के बाद पॉइंट प्रतिशत 74.24 है जबकि ऑस्ट्रेलिया 12 टेस्ट में 62.50 प्रतिशत के साथ दूसरे स्थान पर है।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article