क्रिकेट

विकेटकीपर जैमी स्मिथ ने खोला राज, इस रणनीति के साथ लीड्स में उतरी थी इंग्लैंड टीम

इंग्लैंड के विकेटकीपर बताया है कि इंग्लैंड टीम कैसे जसप्रीत बुमराह के खिलाफ एक खास रणनीति के साथ उतरी थी। लीड्स टेस्ट में बुमराह दूसरी पारी में विकेटलेस रहे थे। ऐसे में इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने उन्हें संभल कर खेला था और अब स्मिथ ने एक खास रणनीति से पर्दा उठाया है।

Image

जैमी स्मिथ (साभार-X)

लीड्स में खेले गए पहले टेस्ट में इंग्लैंड ने भारत को 5 विकेट से हरा दिया। इंग्लैंड के सामने जीत के लिए 371 रन का लक्ष्य था जिसे उसने 5 विकेट खोकर हासिल कर लिया। पहली पारी में 5 विकेट लेने वाले जसप्रीत बुमराह दूसरी पारी में विकेटलेस रहे। अब इसको लेकर विकेटकीपर बल्लेबाज जैमी स्मिथ ने खुलासा किया। इंग्लैंड ने लीड्स टेस्ट के पांचवें दिन 82वें ओवर में रविंद्र जडेजा के खिलाफ आक्रामक रूख अपना कर मैच को जल्दी जीतने का फैसला किया क्योंकि उन्हें लगा कि भारत विकेट की तलाश में अपने स्ट्राइक गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को गेंदबाजी पर लगा सकता है।

जीत के लिए 371 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए अनुभवी जो रूट और विकेटकीपर-बल्लेबाज जेमी स्मिथ सतर्कता से बल्लेबाजी कर रहे थे और टीम लक्ष्य के काफी करीब थी। स्मिथ ने हालांकि जडेजा के खिलाफ दो छक्के और एक चौका लगाकर टीम को पांच विकेट से यादगार जीत दिलाई। स्मिथ ने ‘ईएसपीन क्रिकइंफो’ से कहा, ‘‘उस समय टीम को ज्यादा रन की जरूरत नहीं थी। उस समय बुमराह के गेंदबाजी पर आने की संभावना कम थी लेकिन क्रिकेट में आप किसी भी चीज को लेकर पूरी तरह से सुनिश्चित नहीं हो सकते।’’

इंग्लैंड का स्कोर उस समय पांच विकेट पर 355 रन था और टीम प्रबंधन को लगा कि अगर भारतीय कप्तान शुभमन गिल बुमराह को गेंद थमाते है तो विकेट गंवाने का खतरा होगा। उन्होंने कहा, ‘‘ आप नहीं जानते कि क्या होगा। मैं हमेशा अपनी टीम का समर्थन करता हूं लेकिन कुछ अच्छी गेंदें हो सकती हैं और अचानक आप आठ विकेट गंवाने के बाद दबाव में हो सकते हैं। ऐसे में मैंने मैच को जल्दी खत्म करने का फैसला किया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे पता था कि एक नयी गेंद आने वाली है और विकेट गिरने पर क्रिस वोक्स को बल्लेबाजी के लिए आना पड़ता लेकिन अगर मैं कुछ बड़े शॉट मार सका तो यह नौबत ही नहीं आयेगी।’’ स्मिथ ने यह भी कहा कि भारत ने अंतिम दिन विकेट चटकाने की पूरी कोशिश की लेकिन इंग्लैंड ने चीजों को सरल रखते हुए (आक्रामक और रक्षात्मक खेल का मिश्रण) बल्लेबाजी के लिए आसान परिस्थितियों का फायदा उठाते हुए जीत दर्ज की। इंग्लैंड ने चौथी पारी में बेन डकेट (149), जैक क्राउली (65), रूट (53 नाबाद) और स्मिथ (44 नाबाद) की शानदार बल्लेबाजी से आसान जीत दर्ज की।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुर author

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटब... और देखें

End of Article