क्रिकेट

ईशांत शर्मा ने इस खिलाड़ी को बताया टीम इंडिया का भविष्य, विंडीज दौरे के लिए मिली है टीम में जगह

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Jun 25, 2023, 06:45 PM IST

टीम इंडिया की डेढ़ दशक तक सेवा करने वाले तेज गेंदबाज ईशांत शर्मा ने आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलने वाले बंगाल के तेज गेंदबाज को भारतीय क्रिकेट का भविष्य बताया है।

Image

मुकेश कुमार (साभार BCCI)

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट बदलाव का दौर शुरू हो चुका है। पिछले एक से डेढ़ दशक तक टीम इंडिया का अहम हिस्सा रहे खिलाड़ी धीरे-धीरे रुखसत हो रहे हैं और नए खिलाड़ी टीम में उनकी जगह ले रहे हैं। ये बदलाव वेस्टइंडीज दौरे के लिए चुनी गई टीम में नजर आया है। कई सीनियर खिलाड़ियों को दरकिनार करके युवा खिलाड़ियों को वनडे और टेस्ट टीम में जगह दी गई है। इन युवा खिलाड़ियों में बंगाल के लिए खेलने वाले तेज गेंदबाज मुकेश कुमार का नाम भी शामिल है।

भारतीय टीम का हैं भविष्य

आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स टीम के लिए मुकेश पिछले दो सीजन खेल रहे हैं। उनके साथ टीम में ईशात शर्मा भी रहे हैं। ऐसे में ईशांत ने भारतीय टीम में मुकेश कुमार के सिलेक्ट होने के बाद उन्हें भारतीय क्रिकेट का भविष्य बताया है। ईशांत शर्मा ने एक यूट्यूब चैनल को दिए इंटरव्यू के दौरान भारतीय तेज गेंदबाजी के भविष्य को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने तीन खिलाड़ियों उमरान मलिक, अर्शदीप सिंह और मुकेश कुमार का नाम लिया। ईशांत ने कहा, अगर आप उमरान मलिक के साथ सही तरीके से काम करते हैं तो उनके अंदर देश के लिए लंबे समय तक अच्छा प्रदर्शन करने की क्षमता है। मेरे लिए दूसरे गेंदबाज अर्शदीप सिंह और तीसरे मुकेश कुमार होंगे।

नहीं देखा मुकेश से सहज इंसान

ईशांत शर्मा ने दिल्ली कैपिटल्स के तेज गेंदबाज मुकेश कुमार का नाम खासतौर पर लिया। उन्हें विंडीज दौरे के लिए वनडे और टेस्ट दोनों टीमों में शामिल किया गया है। ईशांत ने कहा, मुकेश कुमार की कहानी बहुत से लोग नहीं जानते हैं। मैंने अपने जीवन में उनसे सहज इंसान नहीं देखा है। अगर आप उसे कोई विशेष गेंद डालने को कहेंगे तो वो वही करेगा। उन्हें मैदान पर सही मार्गदर्शन की जरूरत है जिससे कि दबाव की स्थिति में कौन सी गेंद फेंकनी है उसे पता हो।

आईपीएल में इसलिए साबित हुए मंहगे

ईशांत ने मुकेश के बारे में चर्चा करते हुए आगे कहा, आईपीएल में मुकेश की गेंदों पर बहुत रन गए ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि उसने मुश्किल ओवर डाले। लेकिन सबको ये दिखाई देता है कि उसने चार ओवर में पचास रन लुटाए।

सही मार्गदर्शन की दरकार

ईशांत ने अंत में कहा, जब आंद्रे रसेल खेल रहे थे और उन्होंने 8 विकेट गंवा दिए थे तब उनके पास गंवाने के लिए क्या था। अगर आप सटीक यॉर्कर डालने में नाकाम रहते हैं तो वो उसे छक्के के लिए भेज देते। कोई इन बातों पर ध्यान नहीं देता है। अगर उन्हें सही मार्गदर्शन मिले तो वो एक बेहतरीन तेज गेंदबाज बन सकते हैं।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article