क्रिकेट

Irani Cup Day 1: यशस्वी के दोहरे शतक और अभिमन्यु ईश्वरन के शतक की बदौलत शेष भारत ने की धमाकेदार शुरुआत

  • Agency by: Agency
  • Updated Mar 1, 2023, 07:42 PM IST

शेष भारत ने ईरानी कप के पहले दिन यशस्वी जायसवाल के दोहरे शतक और अभिमन्यु ईश्वरन के शतक की बदौलत पिछले सीजन की रणजी ट्रॉफी विजेता मध्यप्रदेश के खिलाफ धमाकेदार शुरुआत की है।

Image

शेष भारत बनाम मध्यप्रदेश(साभार BCCI Domestic)

Photo : Twitter

ग्वालियर: यशस्वी जायसवाल के दोहरे शतक और सलामी बल्लेबाज अभिमन्यु ईश्वरन के साथ उनकी दूसरे विकेट के लिए 371 रन की साझेदारी की मदद से शेष भारत ने पिछले सत्र के रणजी चैंपियन मध्य प्रदेश के खिलाफ ईरानी ट्रॉफी क्रिकेट मैच के पहले दिन बुधवार को तीन विकेट पर 381 रन बनाये।

जायसवाल ने बल्लेबाजी की अनुकूल पिच पर 213 रन बनाये जो उनके प्रथम श्रेणी करियर का आठवां शतक है। मुंबई के इस बल्लेबाज ने दिन के अंतिम सत्र में पवेलियन लौटने से पहले 259 गेंद खेली तथा 30 चौके और तीन छक्के लगाए। बंगाल की तरफ से खेलने वाले ईश्वरन ने 240 गेंदों पर 154 रन की अपनी पारी में 17 चौके और दो छक्के जमाए। ईश्वरन का यह प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 22वां शतक था।

शेष भारत के कप्तान मयंक अग्रवाल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। अग्रवाल से यहां बड़ी पारी खेलकर भारतीय टीम में वापसी के लिए मजबूत दावा पेश करने की उम्मीद की जा रही थी लेकिन वह केवल दो रन बनाकर तीसरे ओवर में ही अवेश खान (51 रन देकर दो विकेट) की गेंद पर विकेटकीपर हिमांशु मंत्री को कैच दे बैठे।

ईश्वरन और जायसवाल ने यहीं से बखूबी जिम्मेदारी संभाली। इन दोनों ने लगभग 82 ओवर तक विकेट नहीं गिरने दिया और इस बीच सहजता से रन बटोरे। इन दोनों के सामने मध्य प्रदेश के दोनों मुख्य स्पिनर ऑफ स्पिनर सारांश जैन और बायें हाथ के स्पिनर कुमार कार्तिकेय की एक नहीं चली।

जायसवाल और ईश्वरन ने इन पारियों से भारतीय टीम में जगह बनाने के लिए अपना दावा मजबूत किया। इन दोनों बल्लेबाजों ने इस सत्र में कुछ उम्दा पारियां खेली हैं, जिससे उन्हें राष्ट्रीय टीम में जगह बनाने का दावेदार माना जा रहा है। मध्य प्रदेश ने दिन के आखिरी घंटे में इन दोनों को लगातार गेंदों पर आउट करके राहत की सांस ली।

तेज गेंदबाज अवेश खान ने दिन के 85वें ओवर में जायसवाल को गुडलेंथ गेंद पर बोल्ड करके यह साझेदारी तोड़ी। अगली गेंद पर ईश्वरन भी तेजी से रन चुराने के प्रयास में सारांश जैन के सीधे थ्रो पर रन आउट हो गये। स्टंप उखड़ने के समय बाबा इंद्रजीत तीन रन पर खेल रहे थे जबकि सौरभ कुमार को अभी खाता खोलना है।

End of Article