क्रिकेट

शुक्रवार को बेंगलुरु और लखनऊ का मैच होगा या नहीं, आईपीएल चेयरमैन ने दी जानकारी

पंजाब और दिल्ली के बीच मुकाबला रद्द होने के बाद अब शुक्रवार होने वाले मैच पर भी संकट के बादल मंडरा रहा है। लेकिन इन सब के बीच आईपीएल चेयरमैन अरुण सिंह धूमल ने मैच को लेकर जानकारी शेयर की है।

Image

लखनऊ और बेंगलुरु का मैच (साभार-x)

पंजाब और दिल्ली के बीच धर्मशाला में होने वाला मैच सुरक्षा कारणों से रद्द होने के बाद फैंस के मन में सवाल उठने लगे कि क्या शुक्रवार को लखनऊ और बेंगलुरु के बीच होने वाला मुकाबला होगा या नहीं। इस पर इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के चेयरमैन अरुण धूमल ने जानकारी साझा की है।

उन्होंने कहा सीमा पर तनाव के बीच आईपीएल को जारी रखने के बारे में फैसला करने से पहले सरकार के निर्देशों का इंतजार किया जा रहा है लेकिन फिलहाल शुक्रवार को लखनऊ सुपर जायंट्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच मैच निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार खेला जाएगा।

धर्मशाला में बृहस्पतिवार को पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच मैच को जम्मू और पठानकोट के नजदीकी शहरों में हवाई हमले की चेतावनी के बाद बीच में ही रद्द कर दिए जाने के बाद आईपीएल के जारी रहने पर संदेह बना हुआ है। धूमल ने पीटीआई से कहा, ‘‘हम अभी स्थिति की समीक्षा कर रहे हैं। यह एक बदलती हुई स्थिति है। हमें सरकार से कोई निर्देश नहीं मिला है। जाहिर है कि सभी ‘लॉजिस्टिक्स’ को ध्यान में रखते हुए निर्णय लिया जाएगा। ’’

लखनऊ में शुक्रवार को होने वाले आईपीएल मैच के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ‘‘हां, यह फिलहाल होगा, लेकिन निश्चित रूप से स्थितियां बदल रही हैं और सभी हितधारकों के सर्वोत्तम हित को ध्यान में रखते हुए कोई भी निर्णय लिया जाएगा। ’’ धर्मशाला में मैच रद्द होने के बाद दोनों टीमों के खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ को करीब 85 किलोमीटर दूर पठानकोट से एक विशेष ट्रेन के जरिए दिल्ली ले जाया जाएगा। टीमें सड़क मार्ग से पठानकोट जाएंगी।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article