IPL 2023 Auction RCB Target Players List: आईपीएल की सबसे सफल टीमों में से एक महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) की अगुवाई वाली चेन्नई सुपर किंग्स ने आईपीएल 2023 नीलामी (IPL 2023 Auction) के लिए कमर कस ली होगी। उनके पास इस बार 20 करोड़ 45 लाख रुपये का पर्स बजट मौजूद है। जो खिलाड़ी उन्होंने रिटेन किए हैं उनकी संख्या 18 है। ऐसे में बाकी की जगह भरने के लिए मिनी ऑक्शन में वो कुछ बड़े नामों के साथ-साथ स्थानीय खिलाड़ियों पर नजरें टिकाए रहेंगे।
चेन्नई सुपर किंग्स ने हाल की विजय हजारे ट्रॉफी को करीब से देखा होगा और मुमकिन है कि कई चयन वहां से भी हों। खासतौर से तमिलनाडु क्रिकेट से क्योंकि जो तमाम खिलाड़ी आईपीएल नीलामी में बिकने के लिए तैयार हैं, उनमें 16 खिलाड़ी तमिलनाडु के हैं। आइए जानते हैं कि बजट को देखते हुए किन 3 खिलाड़ियों को चेन्नई सुपर किंग्स किसी भी हाल में अपनी टीम में शामिल करना चाहेगी।
1. एन जगदीशन
तमिलनाडु के इस बल्लेबाज ने हाल में विजय हजारे ट्रॉफी के दौरान जमकर रनों की बारिश की है। जगदीशन के बल्ले से इस बीच अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ लिस्ट-ए मैच में 277 रनों की विशाल पारी भी निकली जो लिस्ट-ए क्रिकेट में वर्ल्ड रिकॉर्ड साबित हुई। इसके अलावा पिछली 8 घरेलू क्रिकेट पारियों में उनके बल्ले से 6 शतकीय पारियां निकली हैं जिसमें दोहरा शतक भी शामिल है। चेन्नई सुपर किंग्स नीलामी में इस खिलाड़ी के लिए जरूर दांव लगाना चाहेगी, जो पहले भी उनकी टीम का हिस्सा रह चुका है और इसी साल उन्होंने उसको रिलीज भी किया था।
2. सैम करन
इंग्लैंड के सैम करन का बेस प्राइज 2 करोड़ रुपये है और उनको चेन्नई सुपर किंग्स के अलावा अन्य टीमें भी इस नीलामी में जरूर टारगेट करेंगी। टी20 विश्व कप में सभी ने इस खिलाड़ी का फॉर्म देखा है और वो जिसकी टीम में भी जाएंगे फायदा ही पहुंचाएंगे कभी गेंद से, तो कभी बल्ले से। दिलचस्प बात ये है कि सैम करन भी चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा रह चुके हैं। वो 2021 की विजयी सीएसके टीम का अहम हिस्सा थे।
3. हैरी ब्रुक
इंग्लैंड के लिए हाल में हैरी ब्रुक ने धमाकेदार प्रदर्शन किया है। टेस्ट क्रिकेट में भी उनका बल्ला जमकर बोला है और सीमित ओवर क्रिकेट में भी। फिर चाहे वो घरेलू क्रिकेट में हो। वो 99 टी20 मैचों में 2432 रन बना चुके हैं। मध्यक्रम में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए हैरी ब्रुक एक अच्छा विकल्प हो सकते हैं।
फिलहाल ये है चेन्नई सुपर किंग्स की टीम (Retained players list of CSK 2023)
एम एस धोनी (कप्तान), डेवोन कॉनवे, रुतुराज गायकवाड़, अंबाती रायडू, सुभ्रांशु सेनापति, महेश ठीकशाना, मोइन अली, शिवम दुबे, राजवर्धन हैंगरगेकर, ड्वेन प्रिटोरियस, मुकेश चौधरी, मतीशा पाथिराना, सिमरजीत सिंह, दीपक चाहर , प्रशांत सोलंकी, मिचेल सेंटनर, रवींद्र जडेजा और तुषार देशपांडे।
