क्रिकेट

IPL 2025, RR vs KKR Match Preview: राजस्थान और कोलकाता में से किसी एक टीम का खुलेगा जीत का खाता, मैच से जुड़ी हर जानकारी यहां देखें

IPL 2025, RR vs KKR Match Preview: आईपीएल के छठवें मुकाबले में दो चैम्पियन टीमों के बीच मुकाबला खेला जाएगा। गुवाहाटी में खेले जाने वाले मुकाबले में एक बार की चैम्पियन राजस्थान रॉयल्स का सामना तीन बार की चैम्पियन कोलकाता नाइटराइडर्स से होगा। यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए अहम है। मैच से जुड़ी हर जानकारी यहां देख सकते हैं।

Image

राजस्थान रॉयल्स और कोलकाता नाइटराइडर्स के बीच बुधवार को मुकाबला खेला जाएगा।

Photo : Times Now Digital

IPL 2025, RR vs KKR Match Preview: अपने शुरुआती मैचों में पराजय का स्वाद चखने वाली गत चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) और राजस्थान रॉयल्स की टीम इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में बुधवार को जब एक दूसरे का सामना करेंगी तो उनका लक्ष्य अपनी कमजोरयों को जल्द से जल्द दूर करना होगा। नाइट राइडर्स को टूर्नामेंट के शुरुआती मैच में जहां रॉयल चैलेंजर बेंगलुरु (आरसीबी) से सात विकेट से हार का सामने करना पड़ा वहीं राजस्थान रॉयल्स को सनराइजर्स हैदराबाद से 44 रन की करारी हार झेलनी पड़ी।

इन दोनों मैच में नाइट राइडर्स और राजस्थान की टीम बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभाग में आक्रामकता दिखाने में असफल रही। सुनील नारायण को छोड़कर नाइट राइडर्स का कोई भी गेंदबाज आरसीबी के बल्लेबाजों पर अंकुश नहीं लगा पाया। इस मैच से पहले अच्छी फॉर्म में चल रहे स्पिनर वरुण चक्रवर्ती का अपना प्रभाव नहीं छोड़ पाना उसके लिए चिंता का विषय होगा। ईडन गार्डन्स की पिच पर फिल साल्ट और विराट कोहली ने चक्रवर्ती के खिलाफ आसानी से रन बटोरे। नाइट राइडर्स की टीम को उम्मीद होगी कि यह स्पिनर गुवाहाटी में वापसी करने में सफल रहेगा।

नाइट राइडर्स की निगाह एनरिक नोर्किया की फिटनेस पर भी टिकी रहेंगी जो पीठ की जकड़न से उबर रहे हैं। दक्षिण अफ्रीका का यह तेज गेंदबाज अगर फिट घोषित होता है तो उन्हें स्पेंसर जॉनसन की जगह अंतिम एकादश में शामिल किया जा सकता है। पिछले मैच में कप्तान अजिंक्य रहाणे और नारायण के आउट होने के बाद नाइट राइडर्स का मध्यक्रम बिखर गया था। वेंकटेंश अय्यर और आंद्रे रसेल गलत शॉट खेलकर आउट हुए। टीम प्रबंधन को अब उम्मीद रहेगी कि वह शॉट चयन में सतर्कता बरतेंगे।

नाइट राइडर्स को इसके अलावा रिंकू सिंह से भी अच्छा प्रदर्शन करने की उम्मीद रहेगी। इस आक्रामक बल्लेबाज ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पिछली पांच पारियों में 11, 9, 8, 30, 9 रन ही बनाए। आईपीएल के पहले मैच में भी वह केवल 12 रन बना पाए थे। राजस्थान की टीम को अगर वापसी करनी है तो उसके गेंदबाजों को अच्छा प्रदर्शन करना होगा। सनराइजर्स के खिलाफ पिछले मैच में उसके मुख्य तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने चार ओवर में 76 रन लुटाए जबकि फजल हक फारूकी और महेश थीक्षाना भी बल्लेबाजों पर अंकुश नहीं लगा पाए थे। इन सभी के पास गुवाहाटी में वापसी करने का मौका रहेगा। राजस्थान के कार्यवाहक कप्तान रियान पराग की भी यहां परीक्षा होगी क्योंकि पहले मैच में वह कुछ फैसले करते हुए असमंजस की स्थिति में दिखे।

राजस्थान और कोलकाता की टीम इस प्रकार

कोलकाता नाइट राइडर्स: अजिंक्य रहाणे (कप्तान), रिंकू सिंह, क्विंटन डी कॉक, रहमानुल्लाह गुरबाज़, अंगकृष रघुवंशी, रोवमैन पॉवेल, मनीष पांडे, लवनिटी सिसौदिया, वेंकटेश अय्यर, अनुकूल रॉय, मोइन अली, रमनदीप सिंह, आंद्रे रसेल, एनरिक नोर्किया, वैभव अरोड़ा, मयंक मारखंडे, स्पेंसर जॉनसन, हर्षित राणा, सुनील नारायण, वरुण चक्रवर्ती, चेतन सकारिया।

राजस्थान रॉयल्स: रियान पराग (अस्थायी कप्तान), संजू सैमसन, शुभम दुबे, वैभव सूर्यवंशी, कुणाल राठौड़, शिम्रोन हेटमायर, यशस्वी जयसवाल, ध्रुव जुरेल, नितीश राणा, युद्धवीर सिंह, जोफ्रा आर्चर, महेश थीक्षाना, वानिंदु हसरंगा, आकाश मधवाल, कुमार कार्तिकेय सिंह, तुषार देशपांडे, फजलहक फारूकी, क्वेना मफाका, अशोक शर्मा, संदीप शर्मा।

मैच: शाम 7.30 बजे शुरू होगा।

(भाषा)

Shekhar Jha
शेखर झाauthor

शेखर झा टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वे मूल रूप से बिहार के मिथिलांचल से हैं। मूल रूप से बिहार के मधुबनी के रहने वाले शेखर ने शौकिया तौर पर साल 2011 में पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा। ये शौक वक्त के साथ जूनुन में बदल गया। उनके पास खेल पत्रकारिता का 12 साल का अनुभव है। क्रिकेट के अलावा टेनिस, कबड्डी और बैडमिंटन में खास रुचि है। खिलाड़ियों की बायोग्राफी पढ़ना उन्हें पसंद हैं। शेखर ने सुरेश रैना, संजय बांगड़, दीप्ति शर्मा, राधा यादव जैसे नामचीन भारतीय क्रिकेटरों सहित बैडमिंटन के स्टार भारतीय खिलाड़ियों लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं। शेखर की प्रारंभिक शिक्षा बिहार में हुई। बिहार बोर्ड से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे जहां उनका पत्रकारिता से पहला परिचय हुआ। रायपुर के अग्रसेन कॉलेज में ग्रेजुएशन करते हुए पत्रकारिता का काम शुरू किया और इसके बाद रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्धालय से पत्राकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन किया और बतौर प्रोफेशनल अपने करियर की शुरुआत की। शेखर ने पत्रकारिता करियर की शुरुआत साल 2011 में ईटीवी छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के साथ की। इस संस्थान में 6 महीने काम करने के बाद उन्होंने स्थानीय अखबार नेशनल लुक के साथ प्रिंट मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका समूह के छत्तीसगढ़ संस्करण से जुड़े और वहां तीन साल तक बतौर सब-एडिटर/रिपोर्टर सेवाएं दीं। इसके बाद भारत के सबसे बड़े प्रिंट मीडिया समूह दैनिक भास्कर के डीबी स्टार में रिपोर्टर की भूमिका अदा की और कई बड़े खुलासे स्थानीय स्तर पर किए। इसके बाद अपमे गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना में दैनिक जागरण समूह के आईनेक्स्ट वेंचर से जुड़े। 8 महीने के छोटे कार्यकाल के बाद दैनिक भास्कर के रायपुर संस्करण में बतौर रिपोर्टर वापसी हुई। रायपुर में दूसरी पारी के तीन साल के कार्यकाल के सफल निर्वहन के बाद मैनेजमेंट ने भास्कर के भोपाल स्थित नेशनल न्यूजरूम में ट्रांसफर कर दिया। जहां 17 महीने स्पोर्ट्स डेस्क पर बड़े इवेंट्स पर काम किया। इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग, टोक्यो ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजन का व्यापक कवरेज किया। भास्कर के नेशनल न्यूज रूम में डिजिटल जर्नलिज्म का ककहरा सीखने के बाद फरवरी,2023 में टाइम्स ग्रुप के साथ जुड़ने का मौका मिला। तब से वह टाइम्स नाउ नवभारत की हिंदी वेबसाइट की स्पोर्ट्स डेस्क पर बतौर प्रिंसिपल कॉरस्पान्डन्ट कार्यरत हैं। इस दौरान शेखर ने इंडियन प्रीमियर लीग, आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 को कवर किया।

और पढ़ें
End of Article