CSK vs MI, IPL 2025: आईपीएल 2025 में चेन्नई सुपर किंग्स ने अपने गढ़ एम ए चिदंबरम स्टेडियम में मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) को करारी शिकस्त देते हुए टूर्नामेंट में विजयी आगाज किया। चेन्नई सुपर किंग्स के लिए इस जीत के दो नायक रहे। स्पिनर नूर अहमद जिन्होंने 18 रन देकर 4 विकेट लिए और मैन ऑफ द मैच बने। जबकि दूसरे स्टार बने लक्ष्य का पीछा करते हुए 45 गेंदों में नाबाद 65 रनों की पारी खेलने वाले न्यूजीलैंड के बल्लेबाज रचिन रवींद्र (Rachin Ravindra)। इस कीवी बल्लेबाज ने मैच के बाद बताया कि वो अपनी टीम में किसकी समझ के कायल हैं।
आईपीएल मैच में मुंबई इंडियंस पर जीत के नायक रहे सीएसके के स्टार बल्लेबाज रचिन रविंद्र ने इसका श्रेय क्रिकेट की बहुत अच्छी समझ रखने वाले रविचंद्रन अश्विन की अगुवाई वाले स्पिन आक्रमण को दिया। अश्विन ने जहां 31 रन देकर एक विकेट लिया, वहीं अफगानिस्तान के नूर अहमद ने चार विकेट लेकर सुर्खियां बटोरीं, जिससे मुंबई इंडियंस की टीम नौ विकेट पर 155 रन ही बना पाई। रविंद्र के नाबाद अर्धशतक की मदद से चेन्नई ने चार विकेट से जीत हासिल की।
रविंद्र ने मैच के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा, "ऐश (अश्विन) एक विश्व स्तरीय खिलाड़ी है। मैंने उनके खिलाफ कुछ मैच खेले हैं। वो टीम के साथ अपना व्यापक अनुभव और क्रिकेट ज्ञान को जोड़ता है। मेरे कहने का मतलब है कि वह जिस तरह से स्पिन गेंदबाजी के बारे में अपनी बात रखता है और टिप्स देता है।"
रचिन ने आगे कहा, "वो खेल की बहुत अच्छी समझ रखते हैं और भारतीय क्रिकेट के महान खिलाड़ियों में शामिल हैं। मैं उनको खेलते हुए देखकर बड़ा हुआ हूं और उनके साथ एक टीम में खेलना मेरे लिए सम्मान की बात है। हमारे पास बहुत अच्छे स्पिन गेंदबाज हैं और हमारी टीम का संतुलन बहुत अच्छा है। अगर किसी दिन कोई गेंदबाज नहीं चल पाता है तो हमारे पास उसके लिए भी विकल्प हैं।"
इस बीच मुंबई इंडियंस के गेंदबाजी कोच पारस म्हाम्ब्रे ने कहा कि तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह अच्छी प्रगति कर रहे हैं और वो जल्द ही मैदान पर उतर सकते हैं। उन्होंने कहा, "हम उनकी वापसी की समय सीमा को नहीं जानते हैं। हम यह जानते थे कि बुमराह पहले मैच में नहीं खेल पाएंगे। इसलिए हमने उसी के अनुरूप रणनीति तैयार की और अन्य विकल्पों पर विचार किया। हमें राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (NCA) से जो जानकारी मिली है वो यह है कि वह क्या कर रहे हैं और हम उनकी प्रगति से खुश हैं।"
चेन्नई सुपर किंग्स आईपीएल 2025 में अपना अगला मुकाबला 28 मार्च को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (RCB) के खिलाफ खेलेगी। वो मैच भी चेन्नई के एम ए चिदंबरम स्टेडियम पर खेला जाएगा। उस दिन फैंस की नजरें एक बार फिर भारत के दो बड़े नामों, विराट कोहली और महेंद्र सिंह धोनी पर टिकी होंगी।
