क्रिकेट

आईपीएल 2024 एसआरएच-एमआई मैच

आज (27 March 2024) आईपीएल के 17वें संस्करण का आठवां मुकाबला खेला जाएगा जिसमें आमने-सामने होंगी सनराइजर्स हैदराबाद और मुंबई इंडियंस की टीमें। मुकाबला हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्र्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। आइए यहां जानते हैं कि इस मैच की पिच रिपोर्ट कैसी होगी और आज कैसा होगा हैदराबाद का मौसम।

Image

सनराइजर्स हैदराबाद बनाम मुंबई इंडियंस पिच रिपोर्ट

KEY HIGHLIGHTS
  • आईपीएल 2024 का आठवां मुकाबला आज
  • सनराइजर्स हैदराबाद बनाम मुंबई इंडियंस
  • हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में होगा मैच

आईपीएल 2024 जैसे-जैसे आगे बढ़ रहा है उसके मैच रोमांचक होते जा रहे हैं। हर मैच बड़ा है और बड़े सितारों से सजा है। ऐसा ही एक मुकाबला आज (बुधवार) खेला जाएगा जिसमें सनराइजर्स हैदराबाद के धुरंधर पांच बार की चैंपियन टीम मुंबई इंडियंस को चुनौती देंगे। इस मैच का आयोजन सनराइजर्स हैदराबाद के होम ग्राउंड राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम हैदराबाद में होगा। मैच में सनराइजर्स हैदराबाद की कमान टूर्नामेंट के सबसे महंगे कप्तान पैट कमिंस (Pat Cummins) के हाथों में होगी। जबकि मुंबई इंडियंस अपने नए कप्तान हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) की अगुवाई में मैदान में उतरेंगे। मुकाबला शाम 7.30 बजे से शुरू होगा।

अब तक खेले गए मुकाबलों की बात की जाए तो सनराइजर्स हैदराबाद टीम ने अभी इस सीजन में सिर्फ एक मैच खेला है और उस मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स ने रोमांचक अंदाज में 4 रन से उन्हें मात दी थी। वहीं अगर बात करें मुंबई इंडियंस की तो उनके सफर की शुरुआत भी हार के साथ ही हुई है। उन्हें अपने पहले मैच में गुजरात टाइटंस के खिलाफ 6 रनों से हार का सामना करना पड़ा था। दोनों ही टीमें करीबी मुकाबलों में हार का सामना करने के बाद एक दूसरे के सामने आज होंगी। हैदराबाद की टीम अंक तालिका में सातवें नंबर पर है, जबकि मुंबई की टीम उनसे एक स्थान नीचे आठवें पायदान पर है। अब जानते हैं कि आज जब ये दोनों टीमें टकराएंगी तो कैसी होगी पिच और मौसम का हाल।

आज सनराइजर्स हैदराबाद और मुंबई इंडियंस की टीमों के बीच होने वाला मुकाबला हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। हैदराबाद की पिच हमेशा से बल्लेबाजों के लिए फायदेमंद मानी जाती रही है। ये आमतौर पर एक सपाट ट्रैक रहा है जहां बल्लेबाजों ने आईपीएल इतिहास में जमकर रनों की बारिश की है। गेंदबाजों में तेज गेंदबाज शुरुआत में अगर कुछ विकेट निकाल सके तो ठीक वर्ना उन्हें मध्य के ओवरों में स्पिनर्स पर ही विकेट के लिए निर्भर रहना होगा। हैदराबाद की पिच पर पहली पारी में औसत स्कोर 159 रन है जो कि हर हाल में बल्लेबाजों का दबदबा जाहिर करता है। वहीं दूसरी पारी में भी 148 रन यहां का औसत स्कोर रहा है। ऐसी स्थिति में टॉस जीतने वाली टीम अधिकतर मौकों पर गेंदबाजी करना चाहेगी क्योंकि उसे पता है कि टारगेट का पीछा करते हुए अंतिम क्षणों तक भी इस पिच पर रन बरसाए जा सकते हैं।

सनराइजर्स हैदराबाद और मुंबई इंडियंस के बीच आज का मैच हैदराबाद में होगा तो यहां के मौसम की चर्चा भी कर लेते हैं। आज यहां मौसम साफ रहने का अनुमान है। बीच-बीच में बादल जरूर छाए रहेंगे लेकिन बारिश के कोई आसार नहीं है इसलिए फैंस एक शानदार टी20 मैच का लुत्फ जरूर उठा सकेंगे। देश के हर राज्य में गर्मी बढ़ती जा रही है और हैदराबाद उन शहरों में है जो इस फेहरिस्त में काफी आगे चल रहा है। यहां उमस और गर्मी दोनों पसीने छुड़ाएंगी। तापमान की बात करें तो आज हैदराबाद का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेंटीग्रेड तक रहने का अनुमान है जबकि न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेंटीग्रेड तक रहने के आसार हैं।

सनराइजर्स हैदराबाद टीम: पैट कमिंस (कप्तान), अब्दुल समद, अभिषेक शर्मा, एडेन मार्कराम, ट्रैविस हेड, वानिंदु हसरंगा, मार्को यानसन, राहुल त्रिपाठी, वाशिंगटन सुंदर, ग्लेन फिलिप्स, सनवीर सिंह, हेनरिक क्लासेन, भुवनेश्वर कुमार, मयंक अग्रवाल, टी। नटराजन, फजलहक फारूकी, शाहबाज अहमद, जयदेव उनादकट, आकाश सिंह, जाथवेध सुब्रमण्यन, अनमोलप्रीत सिंह, मयंक मारकंडे, उपेन्द्र सिंह यादव और उमरान मलिक, नीतीश कुमार रेड्डी।

मुंबई इंडियंस टीम: हार्दिक पंड्या (कप्तान), रोहित शर्मा, डेवाल्ड ब्रेविस, जसप्रीत बुमराह, पीयूष चावला, गेराल्ड कोएत्ज़ी, टिम डेविड, श्रेयस गोपाल, ईशान किशन, अंशुल कंबोज, कुमार कार्तिकेय, आकाश मधवाल, रोमारियो शेफर्ड, अर्जुन तेंदुलकर, नुवान तुषारा, तिलक वर्मा, विष्णु विनोद, नेहल वढेरा, ल्यूक वुड, सूर्यकुमार यादव, क्वेना मफाका, मोहम्मद नबी, शम्स मुलानी, नमन धीर और शिवालिक शर्मा।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article