क्रिकेट

IPL 2024 में प्लेऑफ की तीन टीम तय, CSK और RCB के बीच मैच से तय होगी आखिरी टीम, रोमांचक है समीकरण

CSK vs RCB Playoff Equation: आईपीएल 2024 में प्लेऑफ की तीन टीम तय हो गई। राजस्थान और कोलकाता के बाद हैदराबाद प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई करने वाली तीसरी टीम बनी। अब चौथी और आखिरी टीम का फैसला सीएसके बनाम आरसीबी मैच के परिणाम पर निर्भर करेगा।

Image

चेन्नई और बेंगलुरु का मुकाबला (साभार-IPL)

KEY HIGHLIGHTS
  • प्लेऑफ की आखिरी जंग सीएसके बनाम आरसीबी के बीच
  • राजस्थान, कोलकाता और हैदराबाद कर चुकी है क्वालीफाई
  • चेन्नई को जीत और आऱसीबी को शर्तों के साथ चाहिए जीत

CSK vs RCB Playoff Equation: आईपीएल 2024 में प्लेऑफ की तीन टीम तय हो गई है। बारिश के कारण गुजरात और हैदराबाद के बीच खेला जाने वाला मुकाबला नहीं हो सका और इस तरह दोनों टीम को 1-1 अंक से संतोष करना पड़ा। एक अंक हासिल कर हैदराबाद के 13 मैच में 15 अंक हो गए और वह प्लेऑफ में पहुंचने वाली तीसरी टीम बन गई। इस सीजन केकेआर प्लेऑफ में पहुंचने वाली पहली टीम बनी थी, जबकि राजस्थान रॉयल्स ने 16 अंक के साथ क्वालीफाई किया था। फिलहाल केकेआर की टीम 19 अंक के साथ टेबल टॉपर है और उसका क्वालीफायर-1 खेलना तय है। अब सवाल उठता है कि आईपीएल 2024 में प्लेऑफ में पहुंचने वाली चौथी टीम सीएसके और आरसीबी में कौन होगी?

शनिवार को होगा वर्चुअल नॉकआउट

अब शनिवार को आईपीएल 2024 की चौथी टीम डिसाइड होगी जब एमचिन्ना स्वामी के मैदान पर आरसीबी और सीएसके एक दूसरे से भिड़ेगी। इस सीजन में दूसरी बार दोनों टीम एक दूसरे के खिलाफ उतरेगी और यह मुकाबला नॉकआउट होगा। इससे पहले दोनों टीम आईपीएल के ओपनिंग मैच में भिड़ी थी जहां चेन्नई सुपर किंग्स ने 6 विकेट से बाजी मारी थी।

सीएसके को केवल जीत की दरकार

नेटरन रेट में ऊपर चल रहे सीएसके के लिए इस मैच में केवल जीत दर्ज करना ही काफी होगा। इतना ही नहीं इस दिन बेंगलुरु में 80 प्रतिशत बारिश होने की संभावना है और अगर बारिश के कारण मैच रद्द होता है तो भी चेन्नई सुपर किंग्स 15 अंक के साथ क्वालीफाई करने वाली चौथी टीम बन जाएगी।

rcb vs csk

बेंगलुरु बनाम चेन्नई (साभार-IPL)

आरसीबी के लिए भी खुला है प्लेऑफ का रास्ता

दूसरी तरफ प्लेऑफ में चौथी टीम बनने के लिए आरसीबी का रास्ता भी खुला हुआ है, लेकिन लगातार 5 मुकाबला जीत चुकी आरसीबी के सामने केवल जीत की चुनौती नहीं है। आरसीबी को अगर प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई करना है तो उसे कुछ शर्तों के साथ जीत दर्ज करनी होगी।

शर्त नंबर एक- यदि इस मुकाबले में आरसीबी की टीम पहले बल्लेबाजी करती है तो उसे चेन्नई सुपर किंग्स को 18 या इससे ज्यादा रन के अंतर से हराना होगा।

शर्त नंबर दो- यदि आरसीबी को चेज करने का मौका मिलता है तो चेन्नई चाहे जितने रनों का लक्ष्य दे उसे 18.2 ओवर में हासिल करना होगा। अगर आरसीबी ऐसा करने में कामयाब हो जाती है तो यह आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा कमबैक साबित हो सकता है क्योंकि टीम शुरुआती 8 मुकाबले में केवल एक जीत दर्ज कर प्वाइंट्स टेबल के सबसे नीचे पड़ी थी।

End of Article