क्रिकेट

IPL 2024: लंबे बालों के साथ धोनी ने मचाया बल्ले से धमाल, विकेटकीपिंग में भी वर्ल्ड रिकॉर्ड

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Apr 2, 2024, 12:57 AM IST

MS Dhoni T20 World Record, Wicket-Keeping: दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ विशाखापट्टनम में खेले गए मुकाबले में एमएस धोनी आईपीएल 2024 में पहली बार बल्लेबाजी करने उतरे। धोनी सीएसके को मैच में जीत तो नहीं दिला सके लेकिन उन्होंने अपनी आतिशी पारी से दर्शकों के दिल जरूर जीत लिए।

Image

एमएस धोनी( साभार IPL/BCCI)

KEY HIGHLIGHTS
  • आईपीएल 2024 में पहली बार बल्लेबाजी करने उतरे धोनी
  • दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेली 16 गेंद में 37 रन की आतिशी पारी
  • धोनी ने 231.25 के स्ट्राइक रेट से बनाए रन

विशाखापट्टनम: जिस मैदान ने एमएस धोनी को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पहली पहचान दी थी विशाखापट्टनम के उसी मैदान पर उन्होंने आईपीएल 2024 में पहली बार बल्लेबाजी करते हुए धमाल मचा दिया। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ रविवार को खेले गए मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट पर 191 रन का स्कोर खड़ा किया था। जिसके जवाब में खराब शुरुआत के बाद सीएसके की टीम संभल गई थी लेकिन मुकेश कुमार ने बीच के ओवरों में तीन विकेट चटकाकर चेन्नई को हार के मुहाने पर ला खड़ा किया। इसके अलावा धोनी ने विकेट के पीछे 300 शिकार करने का टी20 रिकॉर्ड भी बना दिया।

धोनी-धोनी के नारों से गूंज उठा स्टेडियम

ऐसे में एमएस धोनी पहली बार सीजन में बल्लेबाजी करने मैदान पर उतरे। 17वें ओवर में जैसे ही धोनी ने मैदान में एंट्री की पूरा स्टेडियम धोनी-धोनी के नारों से गूंज गया। सीएसके को जीत के लिए 23 गेंद में 72 रन बनाने थे। ऐसे में धोनी ने मुकेश कुमार के खिलाफ पहली गेंद पर चौका जड़कर शुरुआत की और दर्शकों का जोश सातवें आसमान पर पहुंच गया लेकिन अगली ही गेंद पर खलील अहमद ने माही का कैच बैकवर्ड प्वाइंट पर छोड़कर उन्हें जीवनदान दे दिया। जीवनदान मिलने के बाद ओवर का अंत भी धोनी ने चौके के साथ किया।

खलील अहमद के खिलाफ जड़ा पहला छक्का

धोनी ने अपनी पारी का पहला छक्का खलील अहमद की गेंद पर 18वें ओवर की पांचवीं गेंद पर जड़ा। जैसे जैसे मैच अंतिम ओवरों में पहुंचा धोनी और आक्रामक होते गए। हालांकि 19वें ओवर में मुकेश कुमार के खिलाफ धोनी 4 गेंद में एक रन बना सके और यहीं पर मैच सीएसके के हाथ से खिसक गया। 19वें ओवर में मुकेश ने केवल 5 रन दिए ऐसे में अंतिम ओवर में चेन्नई को जीत के लिए 41 रन बनाने का असंभव सा लक्ष्य मिला।

नोर्खिया के ओवर में धोनी ने जड़े 20 रन

ऐसे में आखिरी ओवर में स्ट्राइक पर खड़े एमएस धोनी ने एनरिक नॉर्खिया के खिलाफ हल्ला बोल दिया। धोनी ने ओवर की शुरुआत चौके के साथ की और दूसरी गेंद पर छक्का जड़ दिया। तीसरी गेंद पर कोई रन धोनी ने लिया लेकिन चौथी गेंद पर उन्होंने एक और शानदार चौका जड़ दिया। पांचवीं गेंद फिर खाली रहे लेकिन ओवर का अंत धोनी ने छक्के के साथ किया। धोनी अंत में 16 गेंद में 37 रन बनाकर नाबाद रहे लेकिन अपनी टीम को 20 रन के अंतर से हार से नहीं बचा सके। धोनी ने अपनी आतिशी पारी में 4 चौके और तीन छक्के जड़े।

टी20 क्रिकेट में 300 शिकार का विकेटकीपिंग रिकॉर्ड

इसके अलावा धोनी ने विकेट के पीछे 300 शिकार करने का टी20 रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है। वो पूरी दुनिया में टी20 क्रिकेट में ऐसा करने वाले पहले विकेटकीपर बन गए हैं।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article