क्रिकेट

IPL 2023: विराट कोहली ने जड़ा लगातार दूसरा शतक, बने ये कारनामा करने वाले तीसरे बल्लेबाज

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated May 21, 2023, 10:47 PM IST

विराट कोहली ने रविवार को आईपीएल 2023 में लगातार दूसरा शतक जड़कर अपना नाम एक स्पेशल क्लब में दर्ज करा लिया। उन्होंने आईपीएल में सबसे ज्यादा शतक जड़ने का रिकॉर्ड भी गेल को पीछे छोड़कर अपने नाम कर लिया।

Image

विराट कोहली(साभार IPL/BCCI)

KEY HIGHLIGHTS
  • विराट ने गुजरात के खिलाफ खेली 61 गेंद में 101 रन
  • जड़ा आईपीएल 2023 में लगातार दूसरा शतक
  • आईपीएल 16 में पार किया 600 रन का आंकड़ा

बेंगलोर: धाकड़ बल्लेबाज विराट कोहली ने रविवार को आईपीएल 2023 के आखिरी लीग मुकाबले में अपने शानदार फॉर्म को जारी रखा और लगातार दूसरा शतक जड़ दिया। इसके साथ ही विराट कोहली ने इसके साथ ही आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा शतक जड़ने के मामले में क्रिस गेल को पीछे छोड़ दिया। विराट के नाम आईपीएल में 7 शतक हो गए हैं वहीं गेल ने 6 शतक जड़े थे। विराट ने पिछले मुकाबले में शतक जड़कर गेल की बराबरी की थी। अब विराट आईपीएल में भी शतकों के शहंशाह बन गए हैं। विराट 61 गेंद में 101 रन की पारी खेलकर नाबाद पवेलियन लौटे।

60 गेंद में विराट ने जड़ा सैकड़ा

उन्होंने तेजी से बल्लेबाजी करते हुए 35 गेंद में 7 चौकों की मदद से अपना सीजन का आठवां अर्धशतक पूरा किया। इसे उन्होंने 60 गेंद में शतक में तब्दील कर दिया। विराट ने अपनी इस पारी के दौरान 13 चौके और एक छक्का जड़ा। उन्होंने 165.57 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की और अपनी टीम को 20 ओवर में 5 विकेट पर 197 रन तक पहुंचा दिया।

डबल धमाल करने वाले स्पेशल क्लब में एंट्री

विराट कोहली आईपीएल में लगातार दो पारियों में शतक जड़ने वाले तीसरे खिलाड़ी और दूसरे भारतीय बन गए हैं। सबसे पहले ये कारनामा शिखर धवन ने साल 2018 में किया था। वहीं जोस बटलर ने साल 2022 में ये डबल धमाल करने वाले दूसरे खिलाड़ी और पहले विदेशी खिलाड़ी बने थे। ऐसे में अब विराट कोहली ने लगातार दो मैच में शतक जड़कर इस स्पेशल क्लब में एंट्री कर ली है।

आईपीएल में शतकों के शहंशाह

विराट कोहली यूनिवर्स बॉस के नाम से विख्यात क्रिस गेल को पीछे छोड़कर आईपीएल में सबसे ज्यादा शतक जड़ने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। विराट कोहली के नाम कुल 7 शतक हो गए हैं। वहीं दूसरे पायदान पर काबिज गेल के नाम 6 शतक हैं। वहीं तीसरे पायदान पर काबिज जोस बटलर के खाते में 5 आईपीएल शतक दर्ज हैं।

एक मैदान पर सबसे ज्यादा शतक

विराट कोहली आईपीएल में एक मैदान पर सबसे ज्यादा शतक जड़ने वाले खिलाड़ी भी बन गए हैं। इस मामले में भी उन्होंने क्रिस गेल और डेविड वॉर्नर को पीछे छोड़ा। विराट के बल्ले से आईपीएल में बेंगलुरू के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में निकला यह चौथा शतक है। इसी मैदान पर क्रिस गेल ने 3 और डेविड वॉर्नर ने हैदराबाद के राजीव गांधी क्रिकेट स्टेडियम में 3 शतक जड़े हैं। तीसरे पायदान पर काबिज केएल राहुल ने वानखेड़े स्टेडियम में 2 और मुरली विजय ने चेन्नई के एमएस चिदंबरम स्टेडियम में 2 शतक जड़े हैं।

600 रन का आंकड़ा हुआ पार

विराट कोहली ने आईपीएल 2023 में लगातार दूसरा शतक जड़कर अपने रनों की संख्या को 600 के पार पहुंचा दिया है। विराट कोहली ने 14 मैच की 14 पारियों में 2 बार नाबाद रहते हुए कुल 639 रन 53.25 के औसत और 139.82 के स्ट्राइक रेट से बनाए हैं। सीजन में उन्होंने 2 शतक और 6 अर्धशतक अपने नाम किए। विराट ने धमाकेदार अर्धशतक के साथ आईपीएल के 16वें सीजन का आगाज किया था और लीग दौर का अंत भी नाबाद शतक के साथ किया है। वो सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों में फॉफ डुप्लेसी(730) के बाद दूसरे पायदान पर पहुंच गए हैं।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article