IPL 2023, SRH vs MI, Cameron Green innings: आईपीएल 2023 की नीलामी में कई खिलाड़ी बिके लेकिन उनमें चुनिंदा खिलाड़ियों को ही बड़ी रकम नसीब हुई। इन चुनिंदा खिलाड़ियों में एक नाम ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन का भी था। ग्रीन को मुंबई इंडियंस ने 17 करोड़ 50 लाख रुपये की रकम देकर खरीदा और वो इस टूर्नामेंट के इतिहास के सबसे महंगे ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी बन गए। तब से उन पर नजरें टिकी थीं और कुछ मैचों में फेल होने के बाद मंगलवार शाम सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ आखिरकार उनका बल्ला बोल उठा।
सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले में हैदराबाद ने टॉस जीतकर मुंबई इंडियंस को पहले बल्लेबाजी करने का न्योता दिया था। एक समय मुंबई की टीम 95 रन पर अपने 3 बड़े विकेट गंवा चुकी थी। तभी तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी कर रहे कैमरन ग्रीन ने अपना दम दिखाया और जोरदार बल्लेबाजी शुरू कर दी। उन्होंने पहले ईशान किशन के साथ दूसरे विकेट के लिए 46 रनों की साझेदारी की, फिर तिलक वर्मा के साथ चौथे विकेट के लिए 56 रनों की पार्टनरशिप को अंजाम दिया और उसके बाद अपने हमवतन टिम डेविड (नाबाद 16) के साथ पांचवें विकेट के लिए 41 रन जोड़े।
उन्होंने 40 गेंदों में नाबाद 64 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली, जिसमें 6 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। उनकी 75 मिनट की ये पारी ही थी जिसने मुंबई इंडियंस को मुश्किल स्थिति से बाहर निकाला और 20 ओवर में 5 विकेट पर 192 रन के विशाल स्कोर तक पहुंचा दिया। ये कैमरन ग्रीन के आईपीएल करियर का पहला अर्धशतक साबित हुआ। उन्होंने पचासा पूरा करने के लिए 33 गेंदों का सहारा लिया।
वैसे, इससे पहले कैमरन ग्रीन इस सीजन के अपने पहले चारों मुकाबलों में कुछ बड़ा नहीं कर सके थे। उन्होंने बैंगलोर के खिलाफ 5 रन, चेन्नई के खिलाफ 12 रन, दिल्ली के खिलाफ नाबाद 17 रन और केकेआर के खिलाफ नाबाद 1 रन की पारी खेली थी। जबकि गेंदबाजी में उन्होंने दो विकेट लिए थे।
