क्रिकेट

अर्जुन तेंदुलकर को ड्रेसिंग रूम में मिला पिता के हाथ से सम्मान, देखिए क्या बोले सचिन [VIDEO]

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Apr 19, 2023, 07:38 PM IST

अर्जुन तेंदुलकर के लिए आईपीएल का पहला विकेट पिता के हाथों मुंबई इंडियन्स के ड्रेसिंग रूम में सम्मानित होने के बाद और भी यादगार बन गया है। सचिन और अर्जुन दोनों के चेहरे पर इस अनमोल पल की खुशी साफ दिखाई दे रही थी।

Image

सचिन तेंदुलकर और अर्जुन तेंदुलकर (साभार Mumbai Indians)

Photo : Twitter

Arjun Tendulkar's First IPL Wicket: अर्जुन तेंदुलकर ने मंगलवार को मुंबई इंडियन्स की सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ जीत में अहम भूमिका अदा की। आखिरी ओवर में कप्तान रोहित शर्मा ने 20 रन बचाने के लिए अर्जुन के ऊपर भरोसा किया। अर्जुन हिटमैन के भरोसे पर खरे उतरे और अपने आईपीएल करियर का पहला विकेट लेकर टीम को जीत दिलाने में सफल रहे।

भुवनेश्वर कुमार बने अर्जुन का पहला शिकार

अर्जुन तेंदुलकर ने ओवर में कसी हुई गेंदबाजी की और कुल 4 रन दिए। उन्होंने ओवर की पांचवीं गेंद पर भुवनेश्वर कुमार को कप्तान रोहित शर्मा के हाथों कैच कराकर आईपीएल में अपना पहला विकेट हासिल किया और मुंबई को 14 रन के अंतर से जीत दिला दी। अर्जुन ने केकेआर के खिलाफ डेब्यू मैच में 17 रन खर्च किए थे और कोई विकेट नहीं चटका सके थे।

सचिन ने दिया ड्रेसिंग रूम का प्लेयर ऑफ द मैच अवार्ड

ऐसे में टीम को जीत दिलाने के बाद मुंबई इंडियन्स के ड्रेसिंग रूम में एक अलग ही नजारा देखने को मिला। एमआई ड्रेसिंग रूम प्लेयर ऑफ द मैच अवार्ड से अर्जुन तेंदुलकर को नवाजा गया। सबसे बड़ी बात यह थी कि उन्हें ये अवार्ड पिता सचिन तेंदुलकर के हाथों मिला। पिता के हाथों अवार्ड मिलने से अर्जुन बेहद खुश थे। अर्जुन की जर्सी पर सचिन ने बैज लगाया तो उनके चेहरे की खुशी देखते ही बनती थी। सचिन ने इस दौरान कहा कि कम से कम तेंदुलकर्स के नाम अब आईपीएल में एक विकेट तो है।

सचिन नहीं ले सके थे आईपीएल में कोई विकेट

सचिन तेंदुलकर ने आईपीएल में बल्ले से तो धमाल मचाया लेकिन वो गेंदबाजी में कोई विकेट हासिल नहीं कर सके। लेकिन अर्जुन ने अपना पहला विकेट झटककर तेंदुलकर परिवार का विकेटों का खाता खोल दिया है। पिता के हाथों इस विकेट के लिए सम्मानित होने से अर्जुन के लिए पहला विकेट और भी यादगार बन गया है।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article