क्रिकेट

IPL 2023: नीतीश राणा बने केकेआर के लिए ये उपलब्धि हासिल करने वाले चौथे प्लेयर

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated May 5, 2023, 07:13 AM IST

नीतीश राणा ने गुरुवार को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ अपनी 31 गेंद में 42 रन की पारी के दौरान कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए खेलते हुए 2 हजार रन पूरे कर लिए। वो इस मुकाम पर पहुंचने वाले केकेआर के चौथे खिलाड़ी हैं।

Image

कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान नीतीश राणा

Photo : AP

Most Runs for KKR in IPL:इंडियन प्रीमियर लीग की दो बार की चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स नीतीश राणा की कप्तानी में मौजूदा सीजन में उतार-चढ़ाव भरा प्रदर्शन कर रही है। गुरुवार को हैदराबाद के खिलाफ उसके घर पर केकेआर की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए बड़ा स्कोर नहीं खड़ा कर सकी। कप्तान नीतीश राणा और रिंकू सिंह के बल पर टीम 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 171 रन का स्कोर खड़ा करने में सफल रही। इसके बाद केकेआर के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हैदराबाद को 8 विकेट पर 166 रन पर रोक दिया और 5 रन के अंतर से मैच अपने नाम कर लिया।

केकेआर के चौथे दो हजारी

इस मैच के दौरान पहली पारी में केकेआर के कप्तान नीतीश राणा ने एक व्यक्तिगत उपलब्धि भी हासिल कर ली। वो केकेआर के लिए लीग के इतिहास में 2 हजार या उससे ज्यादा रन बनाने वाले चौथे खिलाड़ी हैं। उनसे पहले ये उपलब्धि हासिल करने वाले खिलाड़ियों में गौतम गंभीर, रॉबिन उथप्पा, आंद्रे रसेल के नाम शामिल हैं। रसेल ने मौजूदा सीजन में ही इस आंकड़ो को छुआ है।

गंभीर के नाम दर्ज है केकेआर के लिए सबसे ज्यादा रन

केकेआर के लिए आईपीएल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों में पहला स्थान गौतम गंभीर का है। उन्होंने केकेआर के लिए 108 पारियों में 3035 रन बनाए। वहीं उनके बाद दूसरे पायदान पर काबिज रॉबिन उथप्पा ने 84 पारियों में 2439 रन जोड़े। इस सूची में तीसरे स्थान पर आंद्रे रसेल हैं। उन्होंने 88 पारियों में 2143 रन कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए बनाए हैं।

केकेआर की जर्सी में ऐसा रहा है राणा का प्रदर्शन

नीतीश राणा ने कोलकाता के साथ साल 2018 में जुड़े थे। उसके पहले दो सीजन वो मुंबई इंडियन्स के सदस्य रहे थे। 2018 से 2023 के बीच 6 सीजन में नीतीश ने केकेआर के लिए खेला 84 मैच की 80 पारियों में 7 बार नाबाद रहते हुए 2019 रन 26.48 के औसत से बनाए हैं। जिसमें 12 अर्धशतक शामिल हैं। उनका केकेआर के लिए सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 87 रन रहा है। ये पारी उन्होंने साल 2020 में खेली थी। 2021 अबतक उनके करियर का सर्वश्रेष्ठ सीजन रहा है। उसमें 17 मैच में उन्होंने 383 रन 29.46 के औसत और 121.97 के स्ट्राइक रेट से बनाए थे।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article