किसी की किस्मत कब बदल जाए ये कोई नहीं जानता है। ऐसा ही एक किस्स तब सामने आया जब आईपीएल 2023 में कॉमेंट्री कर रहे एक खिलाड़ी की किस्मत एक फोन कॉल ने बदल दी और उन्हें आईपीएल 2023 में एंट्री दिला दी। दरअसल रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर में तेज गेंदबाज डेविड विली के रिप्लेसमेंट के तौर पर भारतीय बल्लेबाज केदार जाधव को टीम में शामिल किया। वह इस सीजन में कॉमेंट्री कर रहे थे जब उन्हें आरसीबी टीम मैनेजमेंट की तरफ से टीम से जुड़ने का प्रस्ताव मिला।
खुद केदार जाधव ने उस फोन कॉल की कहानी सुनाई जिसने उन्हें कॉमेंट्री पैनल से उठाकर सीधे विराट कोहली की टीम के लिए खेलने का मौका दिया। हालांकि, यह पहली बार नहीं होगा जब वह आरसीबी के लिए आईपीएल में खेलेंगे। इससे पहले केदार जाधव 2016 और 2017 में इस टीम के लिए खेल चुके हैं। उन्होंने इन दो सालों में 17 मैच खेले और 23.92 की औसत और 142.66 की स्ट्राइक रेट से 311 रन बनाए। उन्होंने बताया कि कैसे उन्हें संजय बांगर का कॉल आया और वह एक बार फिर से आरसीबी से जुड़े।
रोमांच से भर देगी फोन कॉल की कहानी
केदार जाधव ने कहा 'मैं आश्चर्यचकित के साथ खुश भी था। मैं बहुत उत्साहित था और आरसीबी के सपोर्ट स्टाफ का शुक्रिया अदा करना चाहता था कि उन्होंने मुझे टीम से जुड़ने का मौका दिया। मैं अपना 110 प्रतिशत देने की कोशिश करूंगा।
उन्होंने कहा 'मैं कॉमेंट्री कर रहा था जब संजय भाई ने मुझे कॉल किया और पूछा कि मैं क्या कर रहा था? मैंने उनसे कहा कि मैं कॉमेंट्री कर रहा था। उन्होंने पूछा कि मैं प्रैक्टिस कर रहा हूं तो मैंने कहा हां हफ्ते में दो बार। इसके अलावा उन्होंने मेरी फिटनेस के बारे में भी जानकारी ली। मैंने कहा कि मैं लगातार जिम जाता हूं।उसके बाद उन्होंने मुझे बाद में बात करते के लिए कहा कि वह कॉल करेंगे। तब मुझे एहसास हुआ कि वह मुझे आरसीबी के लिए खेलने के बारे में कहेंगे।'
केदार जाधव की बात करें तो वह हालिया रणजी ट्रॉफी में भी अच्छी लय में थे। उन्होंने कहा कि उनकी कोशिश होगी कि वह इस लय को आईपीएल में भी बरकरार रखेंगे। वह टीम में शामिल तो हो गए हैं, लेकिन जिस तरह से आरसीबी के टॉप थ्री बल्लेबाज इस सीजन बल्लेबाजी कर रहे हैं उसको देखते हुए जाधव को प्लेइंग इलेवन में मौका मिलना थोड़ा मुश्किल लग रहा है। उन्हें आरसीबी ने एक करोड़ रुपये में शामिल किया है।
