क्रिकेट

आईपीएल 2023 से बाहर हुए केएल राहुल, वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप से बाहर होने का है खतरा

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated May 5, 2023, 12:05 AM IST

लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान केएल राहुल चोट की वजह से आईपीएल 2023 से बाहर हो गए हैं। उनके वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में खेलने पर भी संशय के बादल छा गए हैं।

Image

केएल राहुल(साभार IPL/BCCI)

KL Rahul Injury Update: लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम को बड़ा झटका सीजन के बीच लगा है। कप्तान केएल राहुल चोट की वजह से टूर्नामेंट के बाकी बचे मैचों से बाहर हो गए हैं। वहीं उनके इंग्लैंड में खेले जाने वाले वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में खेलने पर भी संशय के बादल छा गए हैं।

मुंबई में कराया गया है राहुल का स्कैन

क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक केएल राहुल के लिए आईपीएल 2023 का सफर खत्म हो गया है। वो चोटिल होने बाद लखनऊ का कैंप छोड़ चुके हैं और मुंबई में उनका स्कैन कराया गया है। उनके मामले को बीसीसीआई ने अब अपने हाथों में ले लिया है।

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल पर लटकी तलवार

3 मई को उनका स्कैन किया गया है। स्कैन की रिपोर्ट पर उनके ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में खेलना निर्भर करेगा। केएल राहुल की चोट पर नजर रख रही नेशनल क्रिकेट अकादमी की टीम ने चोट की गंभीरता के बारे में फिलहाल कुछ नहीं कहा है लेकिन जिन लोगों को भी उनकी चोट के बारे में जानकारी है उन्हें राहुल के वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में खेलने को बिलकुल भी आशान्वित नहीं हैं। कुल मिलाकर संभावना उनके डब्लूटीसी फाइनल से बाहर होने की बन रही हैं।

कहां और कैसी है चोट नहीं है स्पष्टता

राहुल की चोट पर अबतक अटकलें ही लग रही थीं। लखनऊ के टीम मैनेजमेंट या बीसीसीआई की ओर से उनकी चोट को लेकर कोई बयान नहीं जारी किया गया। कहा जा रहा था कि उन्हें हैमस्ट्रैंग या हिप इंजरी है। महज 10 महीने पहले राहुल की जर्मनी में हार्निया की सर्जरी हुई थी। ऐसे में इन सभी पहलुओं पर समझ विचार के बाद ही आगे फैसला लिया जा रहा है।

अबतक रिप्लेसमेंट का नहीं किया है लखनऊ ने ऐलान

लखनऊ के टीम मैनेजमेंट ने भी राहुल की चोट के मद्देनजर अबतक किसी खिलाड़ी को अपनी खेमे में रिप्लेसमेंट के रूप में शामिल नहीं किया था। लखनऊ के चार मैच बचे हैं। अगर वो प्लेऑफ में पहुंचते हैं तो उन्हें और भी मैच खेलने होंगे। क्रुणाल पांड्या को राहुल की गैरमौजूदगी में टीम का कप्तान बना दिया गया है।

उनादकट की चोट पर भी नहीं है स्पष्टता

लखनऊ के लिए खेल रहे एक अन्य प्लेयर जयदेव उनादकट को चोट को लेकर भी कोई स्पष्टता नहीं हैं। एक बार स्थिति साफ होने के बाद ही बीसीसीआई और लखनऊ दोनों रिप्लेस्मेट का ऐलान करेंगे। इसमें कोई संशय नहीं है कि राहुल अगर बाहर होते हैं तो वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के लिए उनकी जगह ईशान किशन को टीम में शामिल किया जाएगा। वो टीम में दूसरे विकेटकीपर की भूमिका में होंगे।

23 मई को लंदन रवाना होगी टीम

भारतीय टीम के खिलाड़ी आईपीएल के लीग दौर के मैचों के समाप्त होने के तत्काल बाद लंदन रवाना हो जाएंगे। जो टीमें प्लेऑफ में पहुंचेंगी उनके खिलाड़ी ही रुकेंगे। लीग दौर 21 मई को समाप्त होगा और 23 मई को टीम की रवानगी हो सकती है। प्लेऑफ दौर में खेल रहे खिलाड़ी बाद में रवाना होंगे।

नवीन चौहान
नवीन चौहान author

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों स... और देखें

End of Article