लखनऊ: चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ बुधवार को मुकाबले के लिए लखनऊ सुपर जायंट्स टीम के लिए बतौर कप्तान टॉस करने क्रुणाल पांड्या जैसे ही मैदान पर उतरे पांड्या ब्रदर्स के नाम आईपीएल में नया इतिहास दर्ज हो गया। हार्दिक और क्रुणाल की जोड़ी आईपीएल इतिहास में कप्तानी करने वाली भाइयों की पहली जोड़ी बन गई।
मुंबई इंडियन्स से अलग होते ही बदली तकदीर
साल 2022 के लिए हुई नीलामी से पहले दोनों भाई मुंबई इंडियन्स के सदस्य थे। दोनों ही खिलाड़ियों के मुंबई से अगल होने के बाद किस्मत बदल गई। हार्दिक को गुजरात टाइटन्स ने पहले ही सीजन कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी गई और उन्होंने इस भरोसे पर खरा उतरते हुए अपनी टीम को चैंपियन भी बना दिया। लेकिन हार्दिक के बड़े भाई क्रुणाल को इसके लिए इंतजार करना पड़ा।
केएल राहुल को चोटिल होने के बाद बने कप्तान
लखनऊ सुपर जायंट्स के नियमित कप्तान केएल राहुल के चोटिल होकर बाहर होने के बाद क्रुणाल के कंधों पर टीम की कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी गई। ऐसे में सीएसके के खिलाफ बतौर कप्तान मैदान पर उतरते ही क्रुणाल ने अपना और हार्दिक का नाम साझा रूप से रिकॉर्ड बुक्स में दर्ज करा लिया।
32 साल की उम्र में कप्तान बने क्रुणाल
32 वर्षीय क्रुणाल को 108वें मैच में कप्तानी का पहली बार मौका मिला। वहीं हार्दिक ने 92वां मैच खेलते हुए ये उपलब्धि पिछले साल हासिल की थी। उस वक्त उनकी उम्र महज 28 साल थी। लगातार दूसरी बार हार्दिक की कप्तानी में गुजरात की टीम खेल रही है और शानदार प्रदर्शन करते हुए प्लेऑफ की दौड़ में बनी हुई है।
