मुंबई: इंडियन प्रीमियर लीग का 16वां सीजन धीरे-धीरे अपने अंतिम दौर की ओर बढ़ चला है। सभी टीमें प्लेऑफ में पहुंचने की जद्दोजतक कर रही हैं। आठ टीमों के बीच कड़ी टक्कर चल रही है। टॉप सात टीमें 10 और 12 अंक के बीच झूल रही हैं। ऐसे में कौन सी चार टीमें प्लेऑफ में पहुंचने में सफल होंगी इस बारे में कुछ भी फिलहाल कह पाना मुश्किल नजर आ रहा है।
ये चार टीमें हैं प्लेऑफ के लिए भज्जी की पसंद
ऐसे में टीम इंडिया के पूर्व धाकड़ स्पिनर और कमेंट्रेटर हरभजन सिंह ने आईपीएल 2023 में प्लेऑफ में पहुंचने वाली चार टीमों को लेकर भविष्यवाणी की है। हरभजन सिंह ने गुजरात टाइटन्स, चेन्नई सुपर किंग्स, मुंबई इंडियन्स और रॉयल्स चैलेंजर्स बेंगलोर को अपनी पसंद बताया है।
मुंबई इंडियन्स कटाने में सफल होगी प्लेऑफ का टिकट
हरभजन सिंह ने प्लेऑफ की चार टीमों का चयन करते हुए कहा, प्लेऑफ में पहुंचने वाली चार टीमों के बारे में भविष्यवाणी करना बहुत मुश्किल सवाल है। मुझे लगता है कि गुजरात टाइटन्स निश्चित तौर पर प्लेऑफ में पहुंचेगी। चेन्नई सुपर किंग्स की टीम भी पहुंचेगी। मुंबई प्लेऑफ में जगह बनाने वाली तीसरी टीम होगी। फिलहाल आप ये कह सकते हैं मुंबई इंडियन्स की टीम फिलहाल पीछे चल रही है। लेकिन मेरा मानना है कि वो अंतिम दौर तक राजस्थान को पछाड़कर प्लेऑफ में पहुंचने में सफल रहेगी और अंत में आरसीबी की टीम भी अंतिम चार में लीग चरण के अंत में रहेगी।
राजस्थान बनी रहेगी रेस में लेकिन अंत में कटेगा पत्ता
पिछले बार की उपविजेता राजस्थान रॉयल्स की टीम फिलहाल अच्छा प्रदर्शन कर रही है। उनके प्रदर्शन पर टिप्पणी करते हुए भज्जी ने कहा, राजस्थान रॉयल्स की टीम लगातार रेस में बनी रहेगी लेकिन अंत में दूसरी टीमें उन्हें पीछे छोड़ देंगी। मेरा मानना है कि मुंबई इंडियन्स की टीम उन्हें पीछे छोड़ेगी।
