क्रिकेट

GT vs MI Head to Head: गुजरात-मुंबई के बीच ऐसी रही है अबतक भिड़ंत, आंकड़ों में किसका पलड़ा है भारी

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated May 26, 2023, 10:00 AM IST

इंडियन प्रीमियर लीग 2023 के दूसरे क्वालीफायर मुकाबले में गुजरात टाइटन्स और मुंबई इंडियन्स के बीच भिड़ंत होने जा रही है। जानिए दोनों टीमें की बीच अबतक कैसी रही है भिड़ंत? आंकड़ों में किसका पलड़ा है भारी?

Image

रोहित शर्मा और हार्दिक पांड्या(साभार IPL/BCCI)

KEY HIGHLIGHTS
  • आईपीएल इतिहास में चौथी बार होगा मुंबई इंडियन्स और गुजरात टाइटन्स का आमना सामना
  • मौजूदा सीजन के लीग दौर में दोनों टीमों रहीं 1-1 से बराबर
  • घरेलू मैदान पर दोनों ने जीते थे मुकाबले

Gujarat Titans vs Mumbai Indians, Head to Head: इंडियन प्रीमियर लीग के 16वें सीजन के दूसरे क्वालीफायर में आज अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रोहित शर्मा की पलटन का सामना हार्दिक के लड़ाकों के साथ होने जा रहा है। एक तरफ पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियन्स है वहीं दूसरी तरफ गत विजेता गुजरात टाइटन्स। पिछले बार दसवें पायदान पर रही मुंबई इंडियन्स ने मौजूदा सीजन में धीमी शुरुआत के बाद दमदार वापसी करते हुए प्लेऑफ में पहुंचने में सफल रही। छठी खिताबी जीत की दिशा में वो लखनऊ को एलिमिनेटर मुकाबले में मात देकर कदम बढ़ा चुकी है। ऐसे में फाइनल में एमएस धोनी की चेन्नई सुपर किंग्स का सामना करने से वो अब बस एक कदम दूर है। ऐसे में आइए जानते हैं कि दोनों टीमों के बीच अबतक आईपीएल इतिहास में कैसी रही है भिड़ंत। आंकड़ों की रेस में कौन सी टीम दिखाई दे रही है आगे?

मुंबई-गुजरात का चौथी बार होगा आमना-सामना

गुजरात की टीम आईपीएल में नई है और दूसरी बार खेल रही है। इन दो सालों में गुजरात और मुंबई इंडियन्स की टीमों का तीन बार आमना सामना हो चुका है। शुक्रवार की भिड़ंत दोनों के बीच चौथी होगी। इससे पहले के तीन मुकाबले में से 2 बार बाजी मुंबई इंडियन्स के और एक बार गुजरात टाइटन्स के हाथ लगी है। साल 2022 में दोनों के बीच पहली भिड़ंत हुई थी तब बाजी मुंबई के हाथ लगी थी। लेकिन मौजूदा सीजन में लीग दौर में दोनों एक दूसरे से दो बार भिड़ीं और एक-एक मैच जीतने में सफल रहीं। दोनों को अपने-अपने घरेलू मैदान में जीत हासिल हुई।

अभिनव मनोहर रहे थे हार जीत का अंतर

मौजूदा सीजन में पहली बार दोनों टीमों का आमना सामना 25 अप्रैल को हुआ था। इस मैच में गुजरात ने नरेंद्र मोदी स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट पर 207 रन का स्कोर खड़ा किया था। जिसके जवाब में रोहित की पलटन 9 विकेट खोकर 152 रन बना सकी थी और 55 रन से मैच हार गई। अभिनव मनोहर ने 21 गेंद में 42 रन की आतिशी पारी खेलकर मैच का रुख गुजरात के पाले में कर दिया था।

सूर्या के शतकीय प्रहार से जीता था मुंबई

इसके बाद दोनों टीमों के बीच दूसरी बार भिड़ंत मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में 12 मई को हुई। इस मुकाबले में मुंबई के बल्लेबाजों ने धमाल मचाते हुए 5 विकेट पर 218 रन का स्कोर खड़ा किया था। जिसके जवाब में हार्दिक की सेना 8 विकेट खोकर 191 रन बना सकी और 27 रन से मैच गंवा दिया। इस मुकाबले में सूर्यकुमार यादव ने 49 गेंद में 103 रन की पारी खेलकर मैच मुंबई के पाले में कर दिया था। वहीं गेंदबाजी में आकाश मढ़वाल 3 विकेट चटकाकर अपनी छाप छोड़ने में सफल रहे थे।

घरेलू मैदान पर अच्छा नहीं रहा गुजरात का प्रदर्शन

अहमदाबाद के मैदान पर दोनों टीमों के बीच केवल एक बार इससे पहले भिड़ंत हुई है। जिसमें बाजी मेजबान गुजरात के हाथ लगी थी। लेकिन सीजन में घरेलू मैदान पर खेले 7 मैच में से 4 में जीत दर्ज करने में सफल रही। वहीं 3 मुकाबलों में उसे हार का मुंह देखना पड़ा। घरेलू मैदान पर हार्दिक की सेना का ये रिकॉर्ड मुंबई के खिलाफ अच्छे संकेत नहीं है। गुजरात की बल्लेबाजी और गेंदबाजी के बीच अच्छा संतुलन है। मिडिल ऑर्डर का क्लिक ना करना गुजरात के लिए परेशानी की वजह रहा है। जिसका फायदा रोहित शर्मा उठाने की पूरी कोशिश करेंगे।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article