IPL 2023 Final: आईपीएल 2023 के फाइनल मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स ने अंतिम गेंद तक गए रोमांचक टक्कर के बीच गुजरात टाइटंस को शिकस्त देकर पांचवीं बार आईपीएल खिताब अपने नाम किया। गुजरात टाइटंस डिफेंडिंग चैंपियंस थी और मेजबान टीम भी लेकिन फिर भी उनको जीत हासिल नहीं हुई और चेन्नई सुपर किंग्स ने एक बार फिर अपना दबदबा दिखा दिया। मैच के बाद गुजरात टाइटंस के कप्तान हार्दिक पांड्या ने क्या कहा, आइए जानते हैं।
हार के बाद हार्दिक पांड्या ने कहा, "मुझे लगता है कि टीम ने अधिकतर चीजों में सही किया। हमने दिल से खेला और मुझे गर्व है कि जिस तरह से हम लड़े। हमारा एक मोटो है- हमारी जीत साथ है, हमारी हार भी साथ है। मैं कोई बहाने नहीं बनाऊंगा। सीएसके ने बेहतर क्रिकेट खेलकर दिखाया है। हमने शानदार बल्लेबाजी की, खासतौर पर साई सुदर्शन ने। इस स्तर पर ऐसे खेलना आसान नहीं है।"
हार्दिक पांड्या ने अपने खिलाड़ियों की जमकर तारीफ की, खासतौर पर मोहित शर्मा, राशिद खान और मोहम्मद शमी की। हार्दिक पांड्या ने इस मौके पर महेंद्र सिंह धोनी को लेकर भी बयान दिया।
धोनी को लेकर हार्दिक ने कहा, "मैं उसके लिए बहुत खुश हूं, किस्मत ने ये लिखा था। अगर मुझे हारना होता, तो मैं उसके खिलाफ हारना पसंद करूंगा। अच्छी चीजें अच्छे लोगों के साथ ही होती है। मैं जिनको जानता हूं उनमें वो सर्वश्रेष्ठ हैं। भगवान की कृपा है, भगवान की मुझ पर भी कृपा रही है लेकिन आज उसकी (धोनी) रात थी।
