शहर

Telangana: POCSO केस का बदला लेने के लिए सनकी बना शख्स, नाबालिग पीड़िता समेत 6 लोगों की चाकू मारकर की हत्या

Telangana Mass Murder: तेलंगाना के रंगा रेड्डी जिले में पॉक्सो एक्ट के आरोपी ने प्रतिशोध में अपनी पत्नी, दो बच्चों और नाबालिग पीड़िता समेत 6 लोगों की चाकू मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। इलाके में सनसनी है, पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Image

तेलंगाना के रंगा रेड्डी की घटना

Telangana Mass Murder: तेलंगाना के रंगा रेड्डी जिले से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां शाबाद पुलिस थाना क्षेत्र में एक पॉक्सो (POCSO) मामले के आरोपी ने प्रतिशोध और सनक में आकर दो परिवारों के छह लोगों की चाकू मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। मृतकों में एक नाबालिग पीड़िता, उसकी मां, उसकी दादी, आरोपी की खुद की पत्नी और उसके दो मासूम बच्चे शामिल हैं। इस सामूहिक हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में पुलिस बल तैनात किया गया है।

पॉक्सो केस का बदला लेने के लिए रची खूनी साजिश

पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी की पहचान रायवलागुडा निवासी 35 वर्षीय राजू कुमार के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ पूर्व में शाबाद के रहने वाले एक परिवार की नाबालिग लड़की से शोषण के आरोप में पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज था और वह फिलहाल जमानत पर बाहर आया हुआ था। आरोप है कि इसी कानूनी कार्रवाई और केस का बदला लेने के लिए उसने इस खौफनाक साजिश को अंजाम दिया।

दो परिवारों का किया खात्मा

आरोपी ने बेहद शातिर और क्रूर तरीके से दोनों परिवारों पर हमला किया। आरोपी सबसे पहले शाबाद स्थित नाबालिग पीड़िता के घर पहुंचा। वहां उसने नाबालिग लड़की, उसकी मां और उसकी बुजुर्ग दादी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने अपनी पत्नी और अपने दो सगे बच्चों को भी मौत के घाट उतार दिया। हत्याकांड को अंजाम देने के बाद आरोपी ने अपने ही परिजनों को फोन किया। उसने फोन पर कबूल किया कि उसने दोनों परिवारों को खत्म कर दिया है और अब वह खुद भी आत्महत्या करने जा रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और सभी छह शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शवगृह (मॉर्चरी) भिजवा दिया है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारी author

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृ... और देखें

End of Article