हर बार की तरह इस बार भी रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर का सपना उस वक्त टूट गया जब मस्ट विन मैच में उसे गुजरात टाइटंस के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। इस मैच में हार के साथ ही टीम प्लेऑफ में पहुंचने में असफल रही और उसका ट्रॉफी जीतने का सपना अधूरा रह गया। सीजन में सबसे अधिक रन बनाने वाले फॉफ डुप्लेसी की टीम भले ही प्लेऑफ में न पहुंच पाई हो लेकिन 26 मई को होने वाले दूसरे क्वालीफायर और फाइनल मुकाबले में आरसीबी के कप्तान नजर आएंगे। 26 मई को नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में गुजरात टाइटंस और मुंबई इंडियंस के बीच मुकाबला होगा जबकि 28 मई को इस मैच की विजेता टीम का सामना इसी मैदान पर चेन्नई सुपर किंग्स से होगा।
बतौर एक्सपर्ट स्टार स्पोर्ट्स पर दिखेंगे फॉफ
दरअसल आरसीबी के कप्तान फाफ डु प्लेसी एक नई पारी की शुरुआत करते हुए स्टार स्पोर्ट्स पर बतौर एक्सपर्ट दूसरे क्वालीफायर मुकाबले और 28 मई को होने वाले फाइनल मुकाबले में नजर आएंगे। फिलहाल फाफ 14 मैच में 730 रन बनाकर फाफ ऑरेंज कैप की सूची में टॉप पर बने हुए हैं।
फॉफ ने खुद दी जानकारी
दूसरे क्वालीफायर और फाइनल मुकाबले में उपलब्ध रहने की जानकारी खुद कप्तान फाफ डुप्लेसी ने शेयर की। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से एक वीडियो साझा किया है जिसमें वह कह रहे हैं कि वह आईपीएल को मिस कर रहे हैं और दूसरे क्वालीफायर और फाइनल मैच के लिए स्टार स्पोर्ट्स से जुड़ रहे हैं। फॉफ के आने से इस दो मैच का मजा और भी दोगुना हो जाएगा। साथ ही वह अपनी नजरों के सामने शुभमन गिल को खुद से आगे निकलता देख पाएंगे।
