गुवाहाटी: इंडियन प्रीमियर लीग के 16वें सीजन में दिल्ली कैपिटल्स की कमान संभाल रहे ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज डेविड वॉर्नर शनिवार को गुवाहाटी में अपनी टीम को राजस्थान के खिलाफ जीत दिलाने में नाकाम रहे। जीत के लिए मिले 200 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 55 गेंद में 65 रन की पारी खेली और अपनी टीम के सबसे सफल बल्लेबाज रहे।
बने सबसे तेज 6 हजारी, तोड़ा विराट का रिकॉर्ड
अपनी इस पारी के दौरान वॉर्नर ने आईपीएल में 6 हजार रन पूरे कर लिए। वो इस मुकाम पर पहुंचने वाले पहले विदेशी और कुल बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने ये उपलब्धि लीग में 165वां मैच खेलते हुए हासिल की। उनसे पहले विराट कोहली(6,727) और शिखर धवन (6,370) ही ऐसा कर सके। वॉर्नर ने हालांकि तेजी के मामले में इन दोनों भारतीय बल्लेबाजों को पीछे छोड़ दिया। विराट कोहली को आईपीएल में 6 हजार रन पूरे करने के लिए 188 और शिखर धवन को 199 पारियों खेलनी पड़ी थी। जबकि वॉर्नर ने महज 165 पारियों में ये मुकाम हासिल कर लिया।
ऐसा है वॉर्नर का आईपीएल में रिकॉर्ड
वॉर्नर ने आईपीएल में 2009 से 2023 तक खेले 14 सीजन में खेले 165 मैच में 22 बार नाबाद रहते हुए 6039 रन 42.23 के औसत और 139.95 के स्ट्राइकरेट से बनाए हैं। जिसमें 4 शतक और 57 अर्धशतक शामिल हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 126 रन रहा है। इस दौरान उन्होंने 598 चौके और 216 छक्के जड़े।
