राजीव गांधी क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए आईपीएल के 25वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने आखिरी ओवर तक चले रोमांचक मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद को 14 रन से हरा दिया। हैदराबाद के सामने जीत के लिए 193 रन का लक्ष्य था, लेकिन पूरी टीम 19.5 ओवर में 178 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। मुंबई की तरफ से आखिरी ओवर अर्जुन तेंदुलकर ने डाला, जिन्होंने इस ओवर में केवल 4 रन दिए और अपने आईपीएल करियर का पहला विकेट भी झटका। आखिरी ओवर में 20 रन डिफेंड करने और अपना पहला विकेट लेने के बाद अर्जुन तेंदुलकर ने अपनी प्रतिक्रिया दी।
उन्होंने कहा 'जाहिर तौर पर अपना पहला आईपीएल विकेट हासिल करना शानदार रहा। मुझे सिर्फ इस बात पर ध्यान देना था कि क्या मेरे हाथ में है। मैंने बस अपने प्लान को एक्जीक्यूट किया। हमारा प्लान था कि ऑप स्टंप पर खिलाया जाए जहां बाउंड्री लंबी है। मुझे गेंदबाजी करना पसंद है, कप्तान के कहने पर मैं किसी भी परिस्थिति में गेंदबाजी करने के लिए तैयार रहता हूं और अपना बेस्ट देने की कोशिश करता हूं।
पिता सचिन तेंदुलकर को लेकर दी प्रतिक्रिया
अर्जुन ने सचिन तेंदुलकर को लेकर कहा कि 'हम क्रिकेट के बारे में बात करते हैं, हम मैच से पहले रणनीति पर चर्चा करते हैं और वह मुझसे कहते है कि मैं मैच से पहले जमकर अभ्यास करूं। मैंने सिर्फ अपनी रिलीज पर ध्यान देता हूं और अच्छी लेंथ और लाइन में गेंद डालने की कोशिश करता हूं। अगर स्विंग होती है तो यह हमारे लिए बोनस होता है। इससे पहले अर्जुन ने कोलकाता के खिलाफ अपना आईपीएल डेब्यू किया था, लेकिन उस मैच में वह विकेट नहीं ले पाए थे। उस मैच में अर्जुन ने 2 ओवर की गेंदबाजी में 17 रन दिए थे, लेकिन हैदराबाद के खिलाफ दूसरे मैच में उन्होंने 2.5 ओवर की गेंदबाजी की और 18 रन देकर भुवनेश्वर कुमार का विकेट लिया।
