क्रिकेट

क्रिस गेल और किरोन पोलार्ड के स्पेशल टी20 क्लब में शामिल हुए आंद्रे रसेल

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated May 4, 2023, 10:34 PM IST

आंद्रे रसेल गुरुवार को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले में बड़ी पारी तो नहीं खेल सके लेकिन इसी दौरान उन्होंने क्रिस गेल और किरोन पोलार्ड के एक स्पेशल क्लब में एंट्री जरूर कर ली।

Image

आंद्रे रसेल(साभार IPL/BCCI)

Most Sixes in T20 Cricket: कोलकाता नाइट राइ़डर्स के लिए आईपीएल में खेल रहे वेस्टइंडीज के धाकड़ ऑलराउंडर आंद्रे रसेल का प्रदर्शन इस बार फीका रहा है। वो वैसी आतिशी बल्लेबाजी इस बार नहीं कर सके जिसके लिए पूरी दुनिया में जाने जाते हैं। गुरुवार को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ रसेल ने फॉर्म में लौटने के संकेत तो जरूर दिए लेकिन 15 गेंद में 24 रन की पारी खेलकर पवेलियन लौट गए।

टी20 में पूरे किए 600 छक्के

रसेल मयंक मार्कंडे की गेंद पर टी नटराजन के हाथों छक्का जड़ने की कोशिश में लपके गए। लेकिन पवेलियन वापस लौटने से पहले इस छोटी सी पारी के दौरान जड़े दो छक्कों की मदद से रसेल ने अपना नाम टी20 क्रिकेट इतिहास में 600 या उससे ज्यादा छक्के जड़ने वाले दुनिया के तीसरे खिलाड़ी बन गए। उन्होंने ये उपलब्धि टी20 करियर के 446वें मैच की 384वीं पारी में बल्लेबाजी करते हुए हासिल की। आईपीएल में 108 मैच में रसेल ने कुल 188 छक्के जड़े हैं।

गेल के नाम दर्ज हैं टी20 में सबसे ज्यादा छक्के

रसेल से पहले ये कारनामा वेस्टइंडीज के ही क्रिस गेल और किरोन पोलार्ड कर चुके हैं। गेल के नाम टी20 क्रिकेट इतिहास में सबसे ज्यादा छक्के दर्ज हैं। उन्होंने 463 मैच में 1056 छक्के जड़े। वो टी20 फॉर्मेट में एक हजार से ज्यादा छक्के जड़ने वाले एकलौते खिलाड़ी हैं। उनके बाद दूसरे पायदान पर विंडीज के ही किरोन पोलार्ड हैं। पोलार्ड ने 625 टी20 मैच में कुल 812 छक्के जड़े हैं।

आईपीएल 2023 में फीका रहा है प्रदर्शन

रसेल का आईपीएल 2023 में प्रदर्शन फ्लॉप रहा है। सीजन में खेले 10 मैच में 2 बार नाबाद रहते हुए उन्होंने 20.75 के औसत से 166 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइकरेट 148.21 का रहा है। जिसमें 10 चौके और 13 छक्के शामिल हैं। वहीं गेंदबाजी के दौरान वो इतने ही मैच में 7 विकेट 20.14 के औसत और 10.71 की इकोनॉमी के साथ लिए हैं।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article