क्रिकेट

IPL 2023: हार को पचा पाना मुश्किल बोले मार्करम, आने वाले मैच को लेकर बताई टीम की योजना

  • Authored by: समीर कुमार ठाकुर
  • Updated May 5, 2023, 06:30 AM IST

IPL 2023: आखिरी ओवर में मिली नाटकीय हार के बाद सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान ने कहा कि इस हार का पचाना मुश्किल है। आखिरी ओवर में हैदराबाद को 9 रन चाहिए थे, लेकिन टीम केवल 3 रन ही बना सकी और कोलकाता ने रोमांचक मुकाबले में हैदराबाद को 5 रन से हरा दिया।

Image

एडेन मार्करम,कप्तान सनराइजर्स हैदराबाद

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  1. एडेन मार्करम ने हार के बाद दी प्रतिक्रिया
  2. बचे हुए मैच पर टीम की योजना का किया खुलासा
  3. बोले हमने सबकुछ ठीक किया फिनिश नहीं कर पाए

राजीव गांधी क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए आईपीएल के 47वें मुकाबले में फैंस को बेहद रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। आखिरी गेंद तक चले इस मुकाबले में कोलकाता नाईट राइडर्स ने हैदराबाद को 5 रन से हरा दिया। हैदराबाद को जीत के लिए आखिरी ओवर में 9 रन बनाने थे, लेकिन वरुण चक्रवर्ती ने शानदार गेंदबाजी करते हुए इस ओवर में न केवल 3 रन दिए बल्कि अब्दुल समद को भी आउट किया। हैदराबाद की तरफ से सर्वाधिक 41 रन की पारी कप्तान मार्करम ने खेली, लेकिन वह अपनी टीम को जीत नहीं दिला पाए।

हैदराबाद को जीत के लिए 172 रन बनाने थे। 14 ओवर तक हैदराबाद की टीम आसानी से इस मैच को जीत रही थी, लेकिन पहले हैनरिक क्लासेन और फिर एडेन मार्करम के विकेट ने उनके लिए मुश्किलें खड़ी कर दी जिससे वह उबर नहीं पाए और अपना 2 अंक गंवा दिया।

मैच के बाद हैदराबाद के कप्तान एडेन मार्करम ने भी माना कि इस हार को पचा पाना थोड़ा मुश्किल है। उन्होंने कहा 'आखिर में हमें अच्छी क्रिकेट खेलनी थी, लेकिन हम ऐसा नहीं कर पाए। भरोसा करना मुश्किल हो रहा है। क्लासेन ने अच्छी बल्लेबाजी की, मैंने शुरुआत में संघर्ष किया और यही कारण था कि हम जीत तक नहीं पहुंच पाए। गेंदबाजों ने अच्छी गेंदबाजी की। हमने फील्डिंग भी अच्छी की, हमारे बल्लेबाजों ने शुरुआत भी अच्छी दिलाई लेकिन हम फिनिश नहीं कर पाए। हम इस हार से सीखेंगे।

आने वाले मैच पर बताई योजना

उन्होंने आने वाले मैच को लेकर टीम की योजना भी बताई। मार्करम ने कहा 'यदि हम अपनी योजना अमल में नहीं ला सकते तो हमें नेट्स पर वापस जाने और बेहतर करने की जरूरत है। उम्मीद है कि यह हार हमें बेहतर करने के लिए प्रेरित करेगी जहां से हम बचे हुए चारो मैच जीत सकें।

समीर कुमार ठाकुर
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article