क्रिकेट

Rohit Sharma Injury Updates: चोट के बावजूद बैटिंग करने उतरे रोहित, लेकिन स्थिति ठीक नहीं

  • Authored by: शिवम अवस्थी
  • Updated Dec 7, 2022, 08:09 PM IST

Rohit Sharma medical update: भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा को बुधवार को बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में उंगली के बीच 'वेबिंग' में चोट लगी थी। जिसके बाद वो मैच से बाहर हो गए। बाद में वो भारतीय पारी में बल्लेबाजी करने अंत में उतरे, लेकिन जांच के बाद ये कहा जा रहा है कि वो तीसरे वनडे से बाहर रह सकते हैं।

Image

रोहित शर्मा (AP)

भारतीय कप्तान रोहित शर्मा चोटिल होने के कारण दूसरे वनडे में बाहर बैठ गए थे लेकिन टीम को जब जरूरत पड़ी तो वो अंत में बल्लेबाजी करने उतरे और अर्धशतक भी जड़ा, हालांकि वो अंतिम गेंद तक गए रोमांचक मैच में भारत को जीत नहीं दिला सके और टीम इंडिया ने मैच व सीरीज को गंवा दिया। बेशक वो दर्द में बल्लेबाजी करने आए लेकिन खबर है कि बांग्लादेश के खिलाफ तीसरे वनडे में उनका खेलना संदिग्ध है। उनको मैच में कैच लेने के प्रयास में बाएं अंगूठे और तर्जनी ऊंगली के बीच ‘वेबिंग’ में चोट लगी थी। दूसरी स्लिप में क्षेत्ररक्षण कर रहे रोहित ने मोहम्मद सिराज के पारी के दूसरे ओवर की चौथी गेंद पर अनामुल हक का कैच छोड़ा और इस दौरान गेंद लगने से उनके बाएं हाथ से खून निकलने लगा।

उन्हें स्कैन के लिये ढाका अस्पताल ले जाया गया और शुरूआती उपचार के दौरान चोटिल हिस्से में कई टांके लगाने पड़े। माना जा रहा है कि फ्रेक्चर का पता करने के लिये कुछ और स्कैन कराये जायेंगे। फिर भी वो दूसरे वनडे के अंतिम क्षणों में तब पिच पर उतर गए जब भारत मुश्किल में था। उन्होंने टीम को अंत तक पहुंचाया, अंतिम दो गेंदों पर 12 रन चाहिए थे लेकिन रोहित सिर्फ एक छक्का भी जड़ सके। खबरों के मुताबिक भारतीय कप्तान के बांग्लादेश के खिलाफ चटगांव में 14 दिसंबर से शुरू हो रहे पहले टेस्ट में खेलने पर संदेह के बादल हैं।

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने ट्वीट किया, ‘‘दूसरे एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय में क्षेत्ररक्षण के दौरान भारतीय कप्तान रोहित शर्मा के अंगूठे में चोट लगी। बीसीसीआई की मेडिकल टीम उनका आकलन कर रही है। उन्हें स्कैन के लिए ले जाया गया है।’’

इस बीच चोटों की समस्या से जूझने वाले तेज गेंदबाज दीपक चाहर दूसरे वनडे में गेंदबाजी करते हुए ‘हैमस्ट्रिंग’ में जकड़न के कारण अपने कोटे के केवल तीन ओवर ही गेंदबाजी कर पाये। वहीं पहले वनडे में पदार्पण करने वाले तेज गेंदबाज कुलदीप सेन को पीठ में जकड़न के कारण दूसरे वनडे की टीम से बाहर कर दिया गया था।

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article