Rishabh Pant Injury: भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे सीरीज के चौथे टेस्ट के पहले दिन टीम इंडिया के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत क्रिस वोक्स की गेंद पर रिवर्स स्वीप शॉट खेलने की कोशिश में चोटिल हो गए थे। चोट इतनी गंभीर थी कि वो अपने पैर पर वजन भी नहीं ले पा रहे थे। ऐसे में उन्हें रिटायर्ड हर्ट होने का फैसला करना पड़ा। पंत को मैदान से बाहर सहारा लेकर जाने में भी दिक्कत हो रही थी ऐसे में ग्राउंड पर उपलब्ध मेडिकल कार्ट की मदद से उन्हें मेडिकल रूम तक ले जाया गया। पंत जब मैदान से बाहर गए वो 37 (48) रन बनाकर नाबाद थे और टीम का स्कोर 3 विकेट पर 212 रन था।
विकेटकीपिंग नहीं करेंगे पंत
ऐसे में बीसीसीआई ने पहले दिन मैच के बाद पंत की चोट पर अपडेट जारी करते हुए कहा था कि उन्हे स्कैन के लिए अस्पताल ले जाया गया है। मेडिकल टीम उनकी निगरानी कर रही है। गुरुवार को बीसीसीआई ने एक बार फिर अपडेट जारी किया और बताया, मैनचेस्टर टेस्ट के पहले दिन चोटिल होने वाले भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत अब इस मैच में विकेटकीपिंग नहीं करेंगे। उनकी जगह अब ध्रुव जुरेल विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी निभाएंगे।
बल्लेबाजी के लिए हैं उपलब्ध
अपनी चोट के बावजूद ऋषभ पंत दूसरे दिन टीम के साथ जुड़ गए हैं और जरूरत पड़ने पर बल्लेबाजी के लिए उपलब्ध रहेंगे। टीम की आवश्यकता अनुसार, वे बैटिंग कर सकते हैं। यह फैसला भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) और टीम मैनेजमेंट की सलाह के बाद लिया गया है, ताकि ऋषभ पंत की चोट और टीम बैलेंस दोनों का ध्यान रखा जा सके।
