क्रिकेट

आईपीएल में भारतीय खिलाड़ियों का डंका, सर्वाधिक रन से लेकर विकेट लेने में रहे हैं अव्वल

  • Authored by: समीर कुमार ठाकुर
  • Updated May 31, 2023, 11:29 PM IST

आईपीएल की शुरुआत का उद्देश्य था कि भारतीय क्रिकेट में नई प्रतिभा को एक मंच मिले। 16 सीजन के बाद इस लीग ने अपने उद्देश्य को पूरी तरह से सही साबित किया है। आज इस लीग में ज्यादातर रिकॉर्ड भारतीय खिलाड़ियों के पास है। चाहे वह सर्वाधिक रन बनाने की बात हो या फिर सर्वाधिक विकेट लेने की, हर जगह भारतीय खिलाड़ी का जलवा है।

Image

आईपीएल में भारतीय खिलाड़ियों का डंका (साभार-IPL)

KEY HIGHLIGHTS
  • आईपीएल में भारतीय का डंका
  • सर्वाधिक रन से सर्वाधिक विकेट पर भारत का कब्जा
  • भुवनेश्वर ने डाले हैं लीग में सर्वाधिक बिंदी गेंदें

2008 में जब आईपीएल की शुरुआत हुई थी तो इसका उद्देश्य साफ था कि भारत के युवा खिलाड़ियों को वर्ल्ड के टॉप खिलाड़ियों के साथ मंच साझा करने का, ड्रेसिंग रुम साझा करने का मौका मिलेगा जिससे वह अपनी प्रतिभा में निखार लाएंगे। अब जब इस लीग के 15 साल पूरे हो गए हैं तो आईपीएल में भारतीय खिलाड़ियों का जलवा रहा है। बात बल्लेबाजी की हो या गेंदबाजी की सबमें इस लीग में भारतीय खिलाड़ी टॉप पर हैं।

विराट कोहली (Most Run In IPL History)- आईपीएल इतिहास में सर्वाधिक रन बनाने की बात हो तो भारत के पूर्व कप्तान और स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ऐसे पहले बल्लेबाज हैं, जिन्होंने इस लीग में 7,000 रन पूरे किए हैं। कोहली 237 मैच के 229 इनिंग में 7,263 रन बना चुके हैं। उनके नाम 50 अर्धशतक और 7 शतक हैं। इस मामले में दूसरे नंबर पर भी भारतीय बल्लेबाज का कब्जा है। 217 मैच में 6,617 रन बनाकर शिखर धवन दूसरे नंबर पर हैं।

शिखर धवन (Most Four In IPL History)- आईपीएल इतिहास में सर्वाधिक चौके की बात करें तो शिखर धवन नंबर वन पर हैं। उनके नाम इस लीग में 217 मैच में सर्वाधिक 750 चौके हैं। उनके और दूसरे नंबर पर काबिज डेविड वॉर्नर में 100 से ज्यादा चौकों का अंतर है।

युजवेंद्र चहल (Most Wicket In IPL History)- आईपीएल के सबसे सफल गेंदबाज की बात करें को यहां भी एक भारतीय गेंदबाज सबका नेतृत्व कर रहे हैं। युजवेंद्र चहल इस सूची में सबसे ऊपर हैं। उन्होंने 145 मैच की 144 इनिंग में 187 विकेट झटके हैं। इन्होंने 4 बार फोरफर (4 विकेट) लिया है।

भुवनेश्वर कुमार (Most Dot Ball IPL History)- आईपीएल को बल्लेबाजों का गेम कहा जाता है ऐसे में इस लीग में जिस गेंदबाज ने सबसे ज्यादा डॉट बॉल डाली है वह हैं भुवनेश्वर कुमार। उन्होंने 160 मैच में 1,534 गेंद डॉट डाली है।

विराट कोहली (Most Run In Single Season)- एक सीजन में सर्वाधिक रन बनाने की बात हो तो यहां भी विराट कोहली नंबर वन पर हैं। उन्होंने साल 2016 में 16 मैच में 973 रन बनाए थे। उन्होंने उस सीजन 4 शतक और 7 अर्धशतकीय पारी खेली थी।

समीर कुमार ठाकुर
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article