क्रिकेट

द हंड्रेड में पाकिस्तानी खिलाड़ियों को लेकर खत्म हुई अटकलें, सन ग्रुप की फ्रेंचाइजी से जुड़ा स्टार स्पिनर

द हंड्रेड लीग के लिए हुई खिलाड़ियों की नीलामी में भारतीय स्वामित्व वाली फ्रेंचाइजी ने पाकिस्तानी स्पिनर के साथ अनुबंध करके कई तरह की अटकलों पर विराम लगा दिया है।

Image

काव्या मारन(फोटो क्रेडिट IPL/BCCI)

लंदन: चेन्नई के मीडिया ग्रुप सन ग्रुप के स्वामित्व वाली सनराइजर्स लीड्स ने गुरुवार को ’द हंड्रेड’ खिलाड़ी नीलामी के दौरान स्पिनर अबरार अहमद को खरीदा जिससे वह टूर्नामेंट में किसी भारतीय के मालिकाना हक वाली फ्रेंचाइजी द्वारा करार किए जाने वाले पहले पाकिस्तानी खिलाड़ी बन गए। ट्रेंट रॉकेट्स के साथ बोली लगाने की होड़ के बाद सनराइजर्स ने अहमद की सेवाएं लेने के लिए 190000 पाउंड (लगभग 2.34 करोड़ रुपये) दिए।

नहीं लगेगी पाकिस्तानी खिलाड़ियों के लिए बोली!

अबरार के खरीदे जाने से उन बातों पर भी विराम लग गया कि हंड्रेड में भारतीय स्वामित्व वाली फ्रेंचाइजी पाकिस्तानी खिलाड़ियों के लिए बोली नहीं लगाएंगी क्योंकि आईपीएल की फ्रेंचाइजी ने 2009 से दोनों पड़ोसी देशों के बीच खराब राजनयिक रिश्तों के कारण उनसे कोई अनुबंध नहीं किया है। सन ग्रुप आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद का भी मालिक है। उसने पिछले साल पहले के नॉर्दर्न सुपरचार्जर्स का टेकओवर किया था। सनराइजर्स की मुख्य कार्यकारी अधिकारी काव्या मारन नीलामी में शामिल हुईं।

बर्मिंघम फीनिक्स ने उस्मान तारिक से किया करार

सन ग्रुप के स्वामित्व वाली एसए20 में सनराइजर्स ईस्टर्न केप की टीम भी है लेकिन उनके पास इस टीम में कोई पाकिस्तानी खिलाड़ी नहीं है। अबरार नीलामी के दौरान बिकने वाले दूसरे पाकिस्तानी खिलाड़ी थे। इससे पहले एक और स्पिनर उस्मान तारिक को बर्मिंघम फीनिक्स ने 140,000 पाउंड (लगभग 1.72 करोड़ रुपये) में खरीदा था। लीग 21 जुलाई से 16 अगस्त तक चलेगी।

इन टीमों के मालिक हैं भारतीय

द हंड्रेड में भारतीय आईपीएल टीमों ने निवेश किया है। लीग की प्रमुख टीमों में काव्या मारन की सनराइजर्स लीड्स के अलावा अंबानी परिवार की एमआई लंदन (ओवल इनविंसिबल्स), संजीव गोयनका का मैनचेस्टर सुपर जायंट्स (मैनचेस्टर ओरिजिनल्स) और जीएमआर ग्रुप की सदर्न ब्रेव शामिल है। भारत पाकिस्तान के बीच खरीब संबंधों की वजह से अटकलें लग रही थीं कि पाकिस्तानी खिलाड़ियों को खरीदने में भारतीयों के मालिकाना हक वाली टीमें रुचि नहीं दिखाएंगी। इस बारे में इंग्लैंड के टी20 कप्तान हैरी ब्रूक ने कहा था कि अगर ऐसा होता है तो दुर्भाग्यपूर्ण होगा।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article