क्रिकेट

T20 World Cup: चैम्पियंस ट्रॉफी से पहले भारत सरकार का बड़ा फैसला, ये टीम नहीं जाएगी पाकिस्तान

T20 World Cup 2025, Indian Blind Cricket Team: भारत और पाकिस्तान के बीच चैम्पियंस ट्रॉफी को लेकर खींचतान चल रही है। लेकिन इस बीच भारत सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। सराकर ने सुरक्षा चिंताओं के कारण भारतीय दृष्टिबाधित क्रिकेट टीम को टी20 विश्व कप के लिए पाकिस्तान जाने की अनुमति नहीं दी है।

Image

भारतीय दृष्टिहीन टीम पाकिस्तान में होने वाले टी-20 विश्व कप में नहीं खेलेगी। (फोटो- भारतीय दृष्टिहीन क्रिकेट संघ)

T20 World Cup 2025, Indian Blind Cricket Team: भारतीय दृष्टिबाधित क्रिकेट टीम टी20 विश्व कप में भाग नहीं लेगी क्योंकि सरकार ने सुरक्षा चिंताओं के कारण उसे पाकिस्तान जाने की अनुमति नहीं दी है। मंगलवार को राष्ट्रीय महासंघ ने यह जानकारी दी। पाकिस्तान में 23 नवंबर से तीन दिसंबर तक होने वाली इस प्रतियोगिता के लिए भारतीय टीम को बुधवार को वाघा सीमा पार करनी थी। भारतीय दृष्टिबाधित क्रिकेट टीम को टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के लिए खेल मंत्रालय से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) मिल गया था लेकिन विदेश मंत्रालय से मंजूरी नहीं मिल सकी।

भारतीय दृष्टिबाधित क्रिकेट संघ (आईबीसीए) के महासचिव शैलेंद्र यादव ने पीटीआई से कहा, ‘‘हमें अनौपचारिक रूप से बताया गया है कि दृष्टिबाधित टीम को पाकिस्तान जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। हमें कल वाघा सीमा पर जाना था। लेकिन अभी तक मंत्रालय के अधिकारियों से कोई मंजूरी नहीं मिली है। इसलिए हम थोड़े निराश हैं।’’ यादव ने कहा कि अगर उन्हें समय पर जानकारी दी जाती तो वे चयन ट्रायल के जरिए टीम चुनने की प्रक्रिया से बच जाते।

यादव ने कहा, ‘‘वे कह रहे हैं कि जब मुख्यधारा की क्रिकेट टीम सुरक्षित नहीं है तो आप वहां कैसे सुरक्षित रह सकते हैं। बेशक हम निर्णय को स्वीकार करेंगे लेकिन अंतिम क्षण तक फैसले को क्यों रोके रखा गया। हमें एक महीने या 25 दिन पहले क्यों नहीं बताया गया। एक प्रक्रिया है।’’ दृष्टिबाधित क्रिकेट टीम फिलहाल नयी दिल्ली में ही है जहां उन्होंने विश्व कप टीम का चयन करने से पहले 25 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया था। सरकार ने अगले साल आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के लिए भी भारतीय राष्ट्रीय क्रिकेट टीम को पाकिस्तान जाने की मंजूरी नहीं दी है।

बीसीसीआई ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद को भारत की पाकिस्तान यात्रा करने में असमर्थता के बारे में सूचित किया था। यादव ने हालांकि कहा कि उनके संघ ने निर्णय को पलटने की उम्मीद में सरकारी अधिकारियों के साथ सभी तरह का संवाद खुला रखा है। यादव ने कहा, ‘‘हम अब भी नयी दिल्ली में रहकर मंत्रालय से संपर्क कर रहे हैं। उम्मीद है कि अंतिम समय में भी कोई अनुकूल निर्णय होगा।’’

पाकिस्तान दृष्टिबाधित क्रिकेट परिषद ने पिछले सप्ताह स्पष्ट कर दिया था कि भारत विश्व कप के लिए अपनी टीम पाकिस्तान भेजे या नहीं लेकिन यह प्रतियोगिता तय समय पर ही होगी। अध्यक्ष सैयद सुल्तान शाह ने कहा, ‘‘पाकिस्तान तय समय पर ही इस प्रतियोगिता की मेजबानी करेगा और भारतीय टीम आए या नहीं, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता।’’

(भाषा)

Shekhar Jha
शेखर झाauthor

शेखर झा टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वे मूल रूप से बिहार के मिथिलांचल से हैं। मूल रूप से बिहार के मधुबनी के रहने वाले शेखर ने शौकिया तौर पर साल 2011 में पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा। ये शौक वक्त के साथ जूनुन में बदल गया। उनके पास खेल पत्रकारिता का 12 साल का अनुभव है। क्रिकेट के अलावा टेनिस, कबड्डी और बैडमिंटन में खास रुचि है। खिलाड़ियों की बायोग्राफी पढ़ना उन्हें पसंद हैं। शेखर ने सुरेश रैना, संजय बांगड़, दीप्ति शर्मा, राधा यादव जैसे नामचीन भारतीय क्रिकेटरों सहित बैडमिंटन के स्टार भारतीय खिलाड़ियों लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं। शेखर की प्रारंभिक शिक्षा बिहार में हुई। बिहार बोर्ड से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे जहां उनका पत्रकारिता से पहला परिचय हुआ। रायपुर के अग्रसेन कॉलेज में ग्रेजुएशन करते हुए पत्रकारिता का काम शुरू किया और इसके बाद रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्धालय से पत्राकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन किया और बतौर प्रोफेशनल अपने करियर की शुरुआत की। शेखर ने पत्रकारिता करियर की शुरुआत साल 2011 में ईटीवी छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के साथ की। इस संस्थान में 6 महीने काम करने के बाद उन्होंने स्थानीय अखबार नेशनल लुक के साथ प्रिंट मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका समूह के छत्तीसगढ़ संस्करण से जुड़े और वहां तीन साल तक बतौर सब-एडिटर/रिपोर्टर सेवाएं दीं। इसके बाद भारत के सबसे बड़े प्रिंट मीडिया समूह दैनिक भास्कर के डीबी स्टार में रिपोर्टर की भूमिका अदा की और कई बड़े खुलासे स्थानीय स्तर पर किए। इसके बाद अपमे गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना में दैनिक जागरण समूह के आईनेक्स्ट वेंचर से जुड़े। 8 महीने के छोटे कार्यकाल के बाद दैनिक भास्कर के रायपुर संस्करण में बतौर रिपोर्टर वापसी हुई। रायपुर में दूसरी पारी के तीन साल के कार्यकाल के सफल निर्वहन के बाद मैनेजमेंट ने भास्कर के भोपाल स्थित नेशनल न्यूजरूम में ट्रांसफर कर दिया। जहां 17 महीने स्पोर्ट्स डेस्क पर बड़े इवेंट्स पर काम किया। इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग, टोक्यो ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजन का व्यापक कवरेज किया। भास्कर के नेशनल न्यूज रूम में डिजिटल जर्नलिज्म का ककहरा सीखने के बाद फरवरी,2023 में टाइम्स ग्रुप के साथ जुड़ने का मौका मिला। तब से वह टाइम्स नाउ नवभारत की हिंदी वेबसाइट की स्पोर्ट्स डेस्क पर बतौर प्रिंसिपल कॉरस्पान्डन्ट कार्यरत हैं। इस दौरान शेखर ने इंडियन प्रीमियर लीग, आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 को कवर किया।

और पढ़ें
End of Article