क्रिकेट

T20 World Cup 2026 Semi Final Dates: टी20 विश्व कप के सेमी फाइनल में हुई टीम इंडिया की एंट्री, जानिए कब और किससे होगी भिड़ंत

भारत ने वेस्टइंडीज को टी20 विश्व कप 2026 के सुपर-8 के आखिरी मुकाबले में 5 विकेट से पटखनी देकर सेमीफाइनल में एंट्री कर ली है। जानिए सेमीफाइनल में किस टीम से और कब होगी टीम इंडिया की भिड़ंत?

Image

भारतीय क्रिकेट टीम

Photo : AP

कोलकाता: टी20 विश्व कप 2026 के सुपर-8 राउंड का अंत भारत और वेस्टइंडीज के बीच कोलकाता के ईडेन गार्डन्स में खेले गए करो या मरो के मुकाबले के साथ हुआ। भारत ने वेस्टइंडीज को 5 विकेट के अंतर से मात देकर सेमीफाइनल में एंट्री कर ली। टीम इंडिया छठी बार टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंची है। भारत ने जीत के लिए मिले 196 रन के लक्ष्य को 19.2 ओवर में हासिल कर लिया। संजू सैमसन ने भारत की जीत में अहम योगदान दिया। उन्होंने 97(50) रन की नाबाद यादगार पारी खेली। भारत दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बाद सेमीफाइनल में पहुंचने वाली चौथी और आखिरी टीम बनी।

वेस्टइंडीज ने भारत को दिया 196 का लक्ष्य

मैच में टीम इंडिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज ने 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 195 रन का स्कोर खड़ा किया। वेस्टइंडीज के लिए सबसे ज्यादा 40(25) रन रोस्टन चेज ने बनाए। उनके अलावा जेसन होल्डर(22 गेंद में 37 रन), रोवमैन पॉवेल(19 गेंद में 34 रन), शाई होप (33 गेंद में 32 रन) और शेमरॉन हेटमायर (12 गेंद में 27) रन की पारी खेली। भारत के लिए सबसे ज्यादा 2 विकेट जसप्रीत बुमराह ने और एक-एक विकेट हार्दिक पांड्या और वरुण चक्रवर्ती ने लिए।

संजू की आतिशी पारी ने दिलाई जीत

जीत के लिए 196 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत खराब रही। भारत के अभिषेक शर्मा और ईशान किशन 10-10 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। भारत ने 4.3 ओवर में 41 रन पर दो विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद संजू सैमसन और कप्तान सूर्यकुमार यादव ने मोर्चा संभाला और आतिशी बल्लेबाजी करते हुए टीम को 100 रन के करीब पुहंचा दिया। इसके बाद तिलक वर्मा ने थोड़ी देर सैमसन का साथ दिया। लेकिन उनके आउट होने के बाद हार्दिक पांड्या दूसरे छोर पर टिक गए। 179 के स्कोर पर हार्दिक पांड्या शमार जोसेफ की गेंद पर कैच दे बैठे। हार्दिक ने 17(14) रन बनाए। अंत में भारतीय टीम ने 196 रन के विजयी लक्ष्य को 19.2 ओवर में 5 विकेट रहते हासिल कर लिया। संजू सैमसन ने 97(50) रन की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 12 चौके और 4 छक्के जड़े। शिवम दुबे 8(2) रन बनाकर नाबाद रहे।

इंग्लैंड से होगी सेमीफाइनल में सामना

सुपर-8 राउंड के ग्रुप-1 में दक्षिण अफ्रीका की टीम 3 मैच में तीन जीत के साथ पहले पायदान पर रही। वहीं टीम इंडिया तीन मैच में 2 जीत और एक हार के साथ दूसरे पायदान पर रही। वहीं ग्रुप-2 में इंग्लैंड तीन मैच में तीन जीत के साथ पहले और न्यूजीलैंड तीन मैच में एक जीत, एक हार और एक रद्द मुकाबले के साथ दूसरे स्थान पर रही। ऐसे में टूर्नामेंट के पहले सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच भिड़ंत होगी। वहीं दूसरे सेमीफाइनल में टीम इंडिया की इंग्लैंड से भिड़त होगी।

वानखेड़े स्टेडियम खेला जाएगा दूसरा सेमीफाइनल

टी20 विश्व कप 2026 का पहला सेमीफाइनल मुकाबला 4 मार्च, 2026 को कोलकाता के ईडेन गार्डन्स में खेला जाएगा। वहीं दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला 5 मार्च, 2026 को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। इसके बाद टूर्नामेंट का फाइनल 8 मार्च, 2026 को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article