वर्ल्ड कप 2023 5 अक्टूबर से 19 नवंबर के बीच पहली बार पूरी तरह से भारत की मेजाबनी में होगा। यह वर्ल्ड कप कई भारतीय खिलाड़ियों के लिए आखिरी वर्ल्ड कप हो सकता है। इसमें टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा और स्टार बल्लेबाज विराट कोहली भी शामिल हैं। शेड्यूल जारी होने के बाद टीम इंडिया के पूर्व बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने टीम इंडिया की तुलना 2011 वर्ल्ड कप विजता टीम से करते हुए कहा कि जैसे पूरी टीम सचिन को डेडिकेट करने के लिए जी जान से खेली थी। वैसे ही इस बार वह विराट कोहली के लिए मैदान में उतरेगी। टीम इंडिया 1983 में पहली बार और 28 साल बाद 2011 में दूसरी बार वर्ल्ड कप जीत चुकी है।
टीम इंडिया के पास बेहतरीन मौका
टीम इंडिया आखिरी बार 2013 में आईसीसी ट्रॉफी जीतने में कामयाब रही थी। अब इंतजार लंबा हो गया है और टीम इंडिया के पास इस बार बेहतरीन मौका है कि वह आईसीसी ट्रॉफी के सूखे को दूर कर सके। 2015 और 2019 में टीम इंडिया का सफर सेमीफाइनल में खत्म हो गया था।
वीरेंद्र सहवाग ने कहा 'हम 2022 में सचिन के लिए खेले थे। अब विराट कोहली उसी स्थिति में हैं। भारतीय टीम के सभी सदस्य उनके लिए जीत दर्ज करना चाहेगी। विराट कोहली हमेशा अपने 100 प्रतिशत से ज्यादा देते हैं। मुझे लगता है कि विराट कोहली के लिए भी ये बेहद खास होगा। एक लाख फैन की मौजूदगी में अहमदाबाद में मुकाबला होगा और मैं इसको लेकर आश्वस्त हूं कि वह भारत के लिए इस बार ज्यादा से ज्यादा रन बनाएंगे।
इससे पहले शेड्यूल जारी होने के फौरन बाद सहवाग ने चार सेमीफाइनलिस्ट टीम की भी घोषणा कर दी थी। उनके चार टॉप टीम में भारत सहित इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान है। आपको बता दें कि वर्ल्ड कप 2023 के सेमीफाइनल मुकाबले कोलकाता और मुंबई में जबकि फाइनल मुकाबला नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।
