क्रिकेट

विराट का 166 रनों का 'विस्फोट': 46वीं सेंचुरी जड़ बने प्लेयर ऑफ दि मैच और सीरीज; कहा- यह अच्छा संकेत क्योंकि...

  • Produced by: अभिषेक गुप्ता
  • Updated Jan 15, 2023, 09:22 PM IST

Virat Kohli on India vs Sri Lanka 3rd ODI: भारतीय टीम ने रविवार (15 जनवरी 2023) को श्रीलंका को तीसरे और आखिरी वनडे मैच में 317 रन से रौंदकर मास्टरकार्ड सीरीज पर क्लीन स्वीप कर दिया। भारत ने रनों के लिहाज से सबसे बड़ी जीत हासिल की, जिसके पीछे टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली, ओपनर शुभमन गिल और तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज के प्रदर्शन का अहम योगदान रहा।

Image

Sri Lanka के खिलाफ 15 जनवरी, 2023 को तीसरे ODI मैच में अपना सैकड़ा जमाने के बाद टीम India के Shreyas Iyer के गले लगकर अपनी खुशी का इजहार करते स्टार बैट्समैन Virat Kohli। (फोटोः एपी)

Photo : टाइम्स नाउ ब्यूरो

Virat Kohli on India vs Sri Lanka 3rd ODI: श्रीलंका के खिलाफ तीसरे और आखिरी वनडे मैच में भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली का बल्ला जमकर चला। केरल के ग्रीनफील्ड मैदान में हुए इस मैच में उन्होंने 110 गेंदों पर 166 रनों की नाबाद पारी खेली, जिसमें आठ छक्के और 13 चौके शामिल थे और वह इस दौरान 150.91 की स्ट्राइक रेट से खेले।

कोहली इस दौरान पूरे मूड में थे और उन्होंने श्रीलंका के बॉलर्स की जमकर धुनाई की। रोचक बात है कि यह कोहली का धुआंदार प्रदर्शन ही थी, जिसके चलते वह न सिर्फ प्लेयर ऑफ दि मैच का अवॉर्ड जीते बल्कि उन्हें प्लेयर ऑफ दि सीरीज के पुरस्कार से भी नवाजा गया। यह कोहली के करियर की 46वीं सेंचुरी है, जबकि इस वनडे सीरीज में उन्होंने कुल 283 रन बनाए।

उन्हें प्लेयर ऑफ दि मैच और प्लेयर ऑफ दि सीरीज के अवॉर्ड से नवाजा गया। मैच प्रेजेंटेशन के दौरान वह इन पुरस्कारों को लेकर बोले- मेरे भीतर जो इरादा है, ये उसके बाई-प्रोडक्ट हैं। मेरा माइंडसेट ही टीम को मदद करता है और टीम को मजबूत स्थिति में लेकर जाता है। मैंने अच्छे कारणों के लिए हमेशा खेला और उसी चीज ने मदद की। मैं जब से लंबे ब्रेक से लौट कर आया हूं, मैं अच्छा महसूस करता हूं। मैं मील के पत्थर तक पहुंचने के लिए उतावला नहीं हूं। मैं सिर्फ अपनी बैटिंग को एन्जॉय करता हूं। मेरी कोशिश रहती हैं कि जितना हो सके, मैं उतनी टीम की मदद करूं। मैं इन्हीं चीजों को आगे जारी रखना चाहता हूं।

उन्होंने आगे बताया- आज मैं अपनी बल्लेबाजी से काफी खुश था और वहां मैंने बढ़िया क्रिकेट खेला। मैं फिलहाल अच्छी जगह हूं, जो हूं असल (ऑर्गैनिक) हूं। नई बॉल के साथ मोहम्मद शमी हमेशा से हमारे लिए तत्पर रहे हैं। पर जिस तरह से सिराज का प्रदर्शन उभर कर आया (नई गेंद के साथ) है, वह बेहद कमाल का है। उन्होंने पावरप्ले में विकेट्स लिए, जो कि पिछले कुछ समय में हमारे लिए एक बड़ा मुद्दा था। चूंकि, हम विश्व कप की ओर बढ़ रहे हैं, इस लिहाज से यह हमारे लिए अच्छा संकेत है।

अभिषेक गुप्ता
अभिषेक गुप्ताauthor

छोटे शहर से, पर सपने बड़े-बड़े. किस्सागो ऐसे जो कहने-बताने और सुनाने को बेताब. कंटेंट क्रिएशन के साथ नजर से खबर पकड़ने में पारंगत और "मीडिया की मंडी" में लगभग आठ साल का अनुभव. न्यूज, सिनेमा, बाइक्स और घूमने में दिलचस्पी.

और पढ़ें
End of Article