IND vs SL 1st Test Day 4 Highlights: टीम इंडिया ने गॉल टेस्ट में अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। 372 रन का पीछा करते हुए श्रीलंका ने चौथे दिन का खेल खत्म होने तक 4 विकेट गंवा दिए हैं और वो अब भी 288 रन पीछे है। चौथे दिन स्टंप तक श्रीलंका ने 4 विकेट के नुकसान पर 84 रन बना लिए हैं। कप्तान धनंजय 31 जबकि सोनल दनुशा 25 रन बनाकर नाबाद हैं। इससे पहले 372 रन का पीछा करने उतरी श्रीलंका की दूसरी पारी की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही। 13 रन के स्कोर पर उसने मदुष्का के रूप में पहला झटका लगा। पारी में एक ही रन जुड़ा था कि कनकशन सब्सीट्यूट के तौर पर शामिल किए गए पसिंदु सूरियाबंदरा भी बिना खाता खोले आउट हो गए। विकेट गिरने का सिलसिला लगातार जारी रहा। नतीजा दिन के खेल खत्म होने तक श्रीलंका के टॉप-4 गेंदबाज पवेलियन लौट चुके थे।
दूसरी पारी में भारत ने ऋषभ पंत की 66 रन की आक्रामक पारी और देवदत्त पडिक्कल के शानदार 44 रन की बदौलत दूसरी पारी में 193 रन बनाए और श्रीलंका के सामने जीत के लिए 372 रन का बेहद मुश्किल लक्ष्य रखा। श्रीलंका के गेंदबाजों ने पिच और परिस्थितियों का बेहतरीन इस्तेमाल करते हुए नियमित अंतराल पर विकेट हासिल किए लेकिन लोकेश राहुल (35) और पडिक्कल के बाद पंत ने भारतीय पारी को संभाल लिया।
उन्होंने अपने चिर-परिचित अंदाज में खेलते हुए महज 53 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने तेज गेंदबाज लाहिरू कुमारा की गेंद पर छक्का लगाकर पचासा पूरा किया। उन्होंने छठे विकेट के लिए रविंद्र जडेजा के साथ 54 रन जोड़े। पंत की रोमांचक पारी का अंत लाहिरू की गेंद पर विकेटकीपर निरोशन डिकवेला के हाथों कैच के साथ हुआ।
इससे पहले पहली पारी में 167 रन बनाने वाले पडिक्कल ने दूसरी पारी में भी शानदार लय दिखाई। उन्होंने स्पिनरों के खिलाफ मनमाने अंदाज में स्वीप और कट शॉट लगाए और भारत को श्रीलंका से काफी आगे निकलने में मदद की। ऑफ स्पिनर केशारा नुवंता की गेंद पर लगाया गया उनका सीधा पंच उनकी पारी का सबसे बेहतरीन शॉट रहा। नुवंता की तेजी से अंदर आती गेंद ने पडिक्कल को बैकफुट पर फंसा दिया। पगबाधा दिए जाने के बाद उन्होंने डीआरएस का सहारा लिया, लेकिन फैसला उनके पक्ष में नहीं आया।
भारतीय टीम की खराब शुरुआत
भारत की दूसरी पारी की शुरुआत अच्छी नहीं रही क्योंकि यशस्वी जायसवाल ने पहले ही ओवर में ही तेज गेंदबाज असिथा फर्नांडो की गेंद पर विकेटकीपर निरोशन डिकवेला को कैच दे दिया। जायसवाल खाता भी नहीं खोल पाए। राहुल बेहतरीन लय में दिखे और उन्होंने अपनी पारी में आक्रामक अंदाज अपनाकर प्रभात जयसूर्या पर दो छक्के जड़े। डीआरएस के कारण पगबाधा होने से बचने वाले राहुल ने पडिक्कल के साथ दूसरे विकेट के लिए 65 रन जोड़े। वह जयसूर्या की गेंद पर कैच आउट हो गए। कप्तान शुभमन गिल भी ज्यादा देर तक नहीं टिक पाए। जयसूर्या ने उन्हें पगबाधा आउट किया।
