क्रिकेट

IND vs SL 2nd ODI: आज भारत-श्रीलंका दूसरे वनडे में ऐसी हो सकती है प्लेइंग-11 और ड्रीम11 टीम टिप्स

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 13, 2023, 12:36 PM IST

आज भारत-श्रीलंका के बीच दूसरा वनडे मैच कोलकाता में खेला जाना है। दूसरे वनडे मैच में टीम इंडिया किन खिलाड़ियों के साथ मैदान पर उतर सकती है, क्या श्रीलंका कोई बदलाव करेगी और कैसी हो सकती है फैंटेसी टीम।

Image

भारत-श्रीलंका वनडे

आज अपने शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों के शानदार फॉर्म से उत्साहित टीम इंडिया कोलकाता में श्रीलंका के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में जीत हासिल कर सीरीज में अजेय बढ़त दर्ज करने के इरादे से उतरेगी। टीम इंडिया ने पहला वनडे जीतकर सीरीज में शुरुआती बढ़त बनाई थी। ईडेन गार्डन्स में एक बार फिर फैंस की नजरें दोनों टीमों के स्टार खिलाड़ियों पर रहेंगी, तो आइए जानते हैं कि दूसरे वनडे में दोनों टीमों की एकादश कैसी हो सकती है।

सितंबर में एशिया कप में अफगानिस्तान के खिलाफ शतक जमाकर टी20 क्रिकेट में तीन साल का इंतजार खत्म करने वाले विराट कोहली ने मंगलवार को गुवाहाटी में पहले मैच में 73वां अंतरराष्ट्रीय शतक जड़ा जिसकी मदद से भारत ने 67 रन से जीत दर्ज की। पहले वनडे में उन्हें दो जीवनदान देने का खामियाजा श्रीलंका को भुगतना पड़ा और भारत ने सात विकेट पर 373 रन बनाये ।श्रीलंका का कोई भी गेंदबाज उन्हें परेशान नहीं कर सका।

चोट से उबरकर वापसी करने वाले भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने भी श्रीलंकाई आक्रमण की बखिया उधेड़ते हुए 67 गेंद में 83 रन बनाये । अपने पसंदीदा ईडन गार्डंस पर आने से पहले रोहित का फॉर्म में आना भारतीय टीम के लिये अच्छा संकेत है। दोनों टीमों का जब आठ साल पहले यहां पिछली बार वनडे क्रिकेट में सामना हुआ था तब रोहित ने 264 रन की पारी खेली थी । अब एक बार फिर वह यहां बड़ा स्कोर बनाने की फिराक में होंगे।

युवा सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल ने भी 60 गेंद में 70 रन बनाकर उनके चयन की आलोचना करने वालों को जवाब दिया । उन्हें ईशान किशन की जगह टीम में शामिल किये जाने की काफी आलोचना हुई थी लेकिन गिल अपने कप्तान के भरोसे पर खरे उतरे। पिछले साल वनडे में प्रभावी प्रदर्शन करने वाले श्रेयस अय्यर ने भी चौथे नंबर पर निराश नहीं किया है ।भारतीय बल्लेबाजी में चिंता का एकमात्र सबब केएल राहुल का खराब फॉर्म है ।विकेटकीपर की भी भूमिका निभा रहे राहुल लगातार नाकाम होते आये हैं।

मोहम्मद सिराज ने तेज गेंदबाजी के जौहर दिखाते हुए पांच ओवर में 15 रन देकर दो विकेट लिये । ईडन की सपाट पिच पर वह मोहम्मद शमी के साथ भारतीय आक्रामक का जिम्मा संभालेंगे ।उमरान मलिक ने बीच के ओवरों में अच्छी गेंदबाजी की लेकिन दासुन शनाका ने उन्हें नसीहत देकर शतक पूरा किया। मलिक के प्रदर्शन में हालांकि मैच दर मैच निखार आ रहा है।

श्रीलंका के लिये एकमात्र सकारात्मक बात कप्तान शनाका का शतक रही । एक समय पर सात विकेट 179 रन पर गंवाने के बाद शनाका के नाबाद 108 रन की मदद से श्रीलंका ने 306 रन बना डाले । शनाका इस फॉर्म को जारी रखना चाहेंगे लेकिन उन्हें दूसरे छोर से भी सहयोग की दरकार होगी। श्रीलंका को अपने क्षेत्ररक्षण में भी सुधार करना होगा क्योंकि उसने कोहली का कैच दो बार टपकाया।

ड्रीम11 टीम टिप्स

अगर बात करें फैंटेसी टीम की तो इसमें विराट कोहली, रोहित शर्मा, दासुन शनाका, कुसल मेंडिस, पथुम निसंका, उमरान मलिक, वानिंदु हसरंगा और अक्षर पटेल का रहना बनता ही है। वहीं कप्तान के रूप में विराट कोहली या रोहित शर्मा में से एक का चयन किया जा सकता है। जबकि उपकप्तान के रूप में दासुन शनाका या अक्षर पटेल का चुना जा सकता है।

भारत-श्रीलंका की संभावित प्लेइंग-11

भारतः रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, हार्दिक पांड्या, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, मोहम्मद सिराज, केएल राहुल, उमरान मलिक, मोहम्मद शमी, अक्षर पटेल और युजवेंद्र चहल।

श्रीलंकाः दासुन शनाका (कप्तान), अविष्का फर्नांडो, धनंजया डी सिल्वा, पथुम निसंका, कुसल मेंडिस, दिलशान मदुशंका, चरिथ असलंका, वानिन्दु हसरंगा, दुनिथ वेलालेज, कसुन राजिथा और चमिका करुणारत्ने।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article